Bomb Scare in United Airlines Flight: शनिवार का वह दिन 159 यात्रियों के लिए कभी न भूलने वाला बन गया। शिकागो के ओ’हेयर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से न्यूयॉर्क के लाग्वार्डिया एयरपोर्ट जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट 2092 अचानक बीच रास्ते में मुड़ गई। कारण था, एक संदिग्ध बीपिंग आवाज़ जिसने पूरे विमान में अफरातफरी मचा दी। पायलट ने तत्काल फैसला लिया और विमान को पिट्सबर्ग इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के लिए मोड़ दिया।
एक बीप प्रति सेकंड-
कॉकपिट ऑडियो में एक क्रू मेंबर की आवाज़ सुनाई दी, “हमें इसे एक संभावित बम मानकर चलना होगा, ये एक बीपिंग आवाज़ है, एक के बाद एक, हर सेकंड एक बीप।” बस इतनी सी आवाज़ ने पूरे बोइंग 737 को हाई अलर्ट पर ला दिया। क्रू ने प्रोटोकॉल के तहत तुरंत इसे बम की आशंका मानकर कार्रवाई शुरू कर दी और पायलट ने डायवर्जन का फैसला लिया।
इमरजेंसी स्लाइड से उतारे गए यात्री-
विमान के पिट्सबर्ग में उतरते ही यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के ज़रिए तेज़ी से बाहर निकाला गया। सोशल मीडिया पर शेयर हुए वीडियो में रनवे पर खड़ा विमान और उससे बाहर निकले डरे-सहमे यात्री नज़र आए। अच्छी खबर यह रही कि 159 यात्री और 6 क्रू मेंबर सभी पूरी तरह सुरक्षित थे। किसी को कोई चोट नहीं आई।
FBI, बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग-
विमान के उतरते ही FBI, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। स्निफर डॉग और विस्फोटक विशेषज्ञों ने विमान, यात्रियों के सामान और पूरे एयरक्राफ्ट की बारीकी से जांच की। लंबी जांच के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि विमान में कोई विस्फोटक उपकरण नहीं मिला। राहत की सांस ली गई और एयरपोर्ट पर सामान्य कामकाज फिर से शुरू हो गया।
ये भी पढ़ें- ईरान की नौसेना ने भारतीय ऑइल टैंकर पर क्यों किया हमला? 20 लाख बैरल तेल से लदे थे जहाज
यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से पहुंचाया न्यूयॉर्क-
सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान को क्लीन चिट दे दी गई। यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में बैठाकर उनके गंतव्य न्यूयॉर्क तक पहुंचाया गया। इमरजेंसी के दौरान फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें तैनात थीं लेकिन स्थिति सामान्य होने पर उन्हें वापस बुला लिया गया। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है, कि हवाई सुरक्षा के मामले में थोड़ी सी भी संदिग्ध बात को गंभीरता से लेना कितना ज़रूरी है।
ये भी पढ़ें- नेपाल के नए पीएम का सख्त फैसला, भारत से जाने वाले सामान पर भारी टैक्स



