Noida Airport Compensation: नई दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गांवों से एक ऐसी कहानी सामने आई है, जो आज हर किसी को हैरान भी कर रही है और सोचने पर मजबूर भी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के बाद एक किसान को करीब 15 करोड़ रुपये का मुआवजा मिला और इस पैसे से उसने हेलिकॉप्टर तक खरीद लिया। यही नहीं, अब वह विदेश यात्रा की भी योजना बना रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया एयरपोर्ट का उद्घाटन-
इस बड़े प्रोजेक्ट का उद्घाटन नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को किया। यह एयरपोर्ट न सिर्फ देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेगा, बल्कि आसपास के गांवों की आर्थिक स्थिति को भी नई दिशा दे रहा है। जिन गांवों में पहले सीमित संसाधन थे, वहां अब अचानक अवसरों की बाढ़ आ गई है।
मुआवजे ने बदली जिंदगी की रफ्तार-
जमीन के बदले मिले करोड़ों रुपये ने कई परिवारों की जिंदगी बदल दी है। पहले जहां लोग खेती और छोटे-मोटे कामों पर निर्भर थे, अब वे बड़े सपने देखने लगे हैं। हेलिकॉप्टर खरीदने वाले किसान की कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे “overnight success” का उदाहरण बता रहे हैं।
छोटे कारोबारों को भी मिला बड़ा सहारा-
एयरपोर्ट निर्माण के दौरान आसपास के गांवों में छोटे-छोटे बिजनेस भी तेजी से बढ़े। बनवारी बास गांव के 26 वर्षीय शिवम प्रजापति बताते हैं, कि लोगों ने अपने सपनों को पूरा करना शुरू कर दिया। वहीं, एक 56 वर्षीय ग्रामीण ने अपने घर में छह कमरे बनाकर मजदूरों को किराए पर देना शुरू किया, जिससे उसे अच्छा खासा मुनाफा हुआ।
हालांकि, अब निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह कमाई घट गई है और कई कमरे खाली पड़े हैं, जिससे यह साफ होता है, कि यह उछाल हमेशा के लिए नहीं था।
गरीब से समृद्ध बनने की कहानी-
किशोरपुर गांव के अजय बेनीवाल ने इस मौके का सही फायदा उठाया। उन्होंने मजदूरों के लिए एक छोटी सर्विस शुरू की और आज करीब 60 हजार रुपये महीने कमा रहे हैं। अजय कहते हैं, “पहले मैं बहुत गरीब था, लेकिन अब मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है।”
इंटरनेट पर छिड़ी बहस-
इस पूरी घटना ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है। कुछ लोग इसे मेहनत का फल और किस्मत का खेल मान रहे हैं, तो कुछ इसे पैसों का गलत इस्तेमाल बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, कि हेलिकॉप्टर जैसी चीजें पावर और स्टेटस का प्रतीक होती हैं, जबकि दूसरे ने इसे फिजूल खर्च बताया।
अचानक आई समृद्धि भी बनी चुनौती-
यह कहानी सिर्फ सफलता की नहीं, बल्कि एक नई चुनौती की भी है। अचानक मिले पैसे को संभालना और सही दिशा में निवेश करना भी उतना ही जरूरी है। कई मामलों में देखा गया है, कि लोग जल्दी पैसे खर्च कर देते हैं और बाद में आर्थिक संकट में फंस जाते हैं।
ये भी पढ़ें- Instagram Live बन गया ज़िंदगी का आखिरी पल, 22 साल के युवक की हुई दर्दनाक मौत
बदलता भारत, बदलती सोच-
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने यह दिखा दिया है, कि बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स कैसे गांवों की तस्वीर बदल सकते हैं। लेकिन इसके साथ यह भी जरूरी है, कि लोग इस बदलाव को समझदारी से अपनाएं, ताकि यह समृद्धि लंबे समय तक टिक सके।
ये भी पढ़ें- एक क्लिक और खाते में 10 करोड़, मैनपुरी की महिला रह गई सन्न



