Faridabad Jewar Expressway
    Photo Source - Google

    Faridabad Jewar Expressway: फरीदाबाद को हमेशा NCR का “औद्योगिक पिछवाड़ा” कहा जाता रहा। गुरुग्राम की चमक-दमक के सामने Faridabad कभी वो पहचान नहीं बना पाया, जिसका वो हकदार था। लेकिन अब तस्वीर बदलने वाली है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यानी जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ फरीदाबाद के लिए एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। हरियाणा के मंत्री और फरीदाबाद के विधायक विपुल गोयल ने कह, “फरीदाबाद अब गुरुग्राम का साथी नहीं, बल्कि हरियाणा की विकास कहानी का मुख्य किरदार बनने वाला है।”

    2 घंटे का सफर अब सिर्फ 15-20 मिनट-

    इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह है कनेक्टिविटी। बल्लभगढ़ के सेक्टर 65 से जेवर एयरपोर्ट तक 31 किलोमीटर लंबा नया हरित एक्सप्रेसवे बनाया गया है। पहले जो सफर लगभग 2 घंटे में पूरा होता था, वो अब सिर्फ 15 से 20 मिनट में हो जाएगा। एक नए यमुना पुल ने इस कॉरिडोर को और मज़बूत किया है। शहरी योजनाकारों का कहना है, कि इससे फरीदाबाद की वो “डेड-एंड” भौगोलिक स्थिति खत्म हो गई है, जो वर्षों से इसकी तरक्की में रुकावट बनी हुई थी।

    संपत्ति की कीमतें 30% तक बढ़ने का अनुमान-

    जेवर एयरपोर्ट का असर पहले से दिखने लगा है। ग्रेटर फरीदाबाद खासकर नेहरपार इलाके में निवेशकों की दिलचस्पी तेज़ी से बढ़ रही है। एक्सप्रेसवे के पास स्थित सेक्टर 64, 65, 98, 99 और 110 नए निवेश केंद्र बन रहे हैं। अगले दो साल में इन इलाकों में संपत्ति की कीमतें 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ने का अनुमान है। सोटाई, चंदावली और मोहना जैसे गांव भी नई यमुना पुल के करीब होने की वजह से भूखंड विकास के लिए आकर्षक बन रहे हैं।

    लॉजिस्टिक्स गोल्डन ट्रायंगल-

    दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट लिंक के संगम पर बैठे फरीदाबाद को विशेषज्ञ अब “लॉजिस्टिक्स गोल्डन ट्रायंगल” कह रहे हैं। एयरपोर्ट के एक बड़े माल ढुलाई केंद्र के रूप में विकसित होने से भंडारण, माल परिवहन और बहु-आयामी लॉजिस्टिक्स पार्क तेज़ी से बढ़ेंगे। सेक्टर 58 और 59 में भी नई औद्योगिक गतिविधि होने की उम्मीद है।

    ये भी पढ़ें- Noida Airport प्रोजेक्ट ने बदली गांवों की किस्मत, किसान बना करोड़पति, खरीदा हेलिकॉप्टर

    होटल, दफ्तर और घर-

    एयरपोर्ट के पहले चरण में सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों की क्षमता होगी, जिससे फरीदाबाद के आतिथ्य और खुदरा क्षेत्र में भी मांग बढ़ेगी। BPTP के CEO मानिक मलिक ने कहा, कि एयरपोर्ट और FNG एक्सप्रेसवे मिलकर आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को रोज़गार केंद्रों से जोड़ेंगे। Hero Realty के CEO रोहित किशोर और Group 108 के MD डॉ. अमिश भूटानी समेत तमाम रियल एस्टेट विशेषज्ञ एकमत हैं, फरीदाबाद का समय आ गया है।

    ये भी पढ़ें- एक क्लिक और खाते में 10 करोड़, मैनपुरी की महिला रह गई सन्न

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।