Mojtaba Khamenei Video
    Photo Source - Google

    Mojtaba Khamenei Video: 28 फरवरी को इज़राइल और अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मुज्तबा खामेनेई ने ईरान की कमान संभाली। लेकिन तब से लेकर अब तक वो एक बार भी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए। हफ्तों की इस चुप्पी के बाद ईरानी सरकारी मीडिया ने अचानक उनका एक वीडियो जारी किया, जिसमें वो एक समूह के छात्रों को अरबी में धार्मिक शिक्षा दे रहे हैं।

    ईरानी प्रसारण संस्था ने दावा किया, कि यह क्लिप पहली बार जारी की जा रही है, लेकिन यह नहीं बताया, कि यह वीडियो कब का है। बस इसी एक बात ने पूरी दुनिया में शक की लहर दौड़ा दी।

    हमले से बाल-बाल बचे, पर कितनी चोट लगी?

    रिपोर्ट्स के मुताबिक 56 वर्षीय मुज्तबा उस हमले से कुछ मिनट पहले ही उस परिसर से निकल गए थे, जब इज़राइल की बैलिस्टिक मिसाइलें वहां गिरीं। जान तो बच गई लेकिन वो हमले में घायल ज़रूर हुए। ईरानी मीडिया ने माना, कि उन्हें पैर में चोट आई है। लेकिन अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टें कहीं ज़्यादा गंभीर तस्वीर पेश करती हैं, उनके मुताबिक, मुज्तबा का चेहरा बुरी तरह विकृत हो गया है और वो कोमा में हो सकते हैं। एक कतरी मीडिया रिपोर्ट तो यहां तक कहती है, कि उन्हें इलाज के लिए हवाई मार्ग से रूस ले जाया गया है, जहां वो अभी ठीक हो रहे हैं।

    ट्रम्प बोले “हमें नहीं पता वो ज़िंदा हैं या नहीं”-

    पिछले हफ्ते व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने खुद माना, कि अमेरिकी अधिकारियों को भी मुज्तबा की असली स्थिति का पता नहीं है। उन्होंने कहा, कि कुछ लोग कह रहे हैं, कि वो बुरी तरह घायल हैं, कुछ कह रहे हैं, कि मर गए और अमेरिका ने उन्हें अब तक देखा ही नहीं है। दुनिया के सबसे ताकतवर देश के राष्ट्रपति का यह बयान खुद बताता है, कि मुज्तबा की चुप्पी कितनी गहरी और रहस्यमयी है।

    टेलीग्राम पर आया संदेश-

    भले ही मुज्तबा सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे, लेकिन उनके आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर एक लिखित संदेश ज़रूर आया। इज़राइली हमले में मारे गए, सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी के जनाज़े के दिन उन्होंने लिखा, कि उनके हत्यारों को इसकी कीमत चुकानी होगी और बहाए गए खून की हर बूंद का हिसाब जल्द मांगा जाएगा। यह संदेश भले ही कागज़ पर था, लेकिन इसकी भाषा बता रही थी, कि ईरान का नया सर्वोच्च नेता, चाहे जिस हाल में हो, अभी हार मानने के मूड में नहीं है।

    ये भी पढ़ें- क्या Trump ने Epstein कांड से ध्यान हटाने के लिए ईरान से छेड़ी जंग? आधे से ज़्यादा अमेरिकी मानते हैं..

    वीडियो आया, पर सवाल नहीं गए-

    यह वीडियो जारी होने के बाद भी दुनिया के सवाल खत्म नहीं हुए, बल्कि और बढ़ गए। पुराना वीडियो नया बताकर जारी करना, कोई तारीख न देना और युद्ध के बीच सर्वोच्च नेता का लगातार गायब रहना, यह सब मिलाकर एक ऐसी तस्वीर बनाते हैं, जिस पर न ईरान के दोस्त यकीन कर पा रहे हैं, न दुश्मन।

    ये भी पढ़ें- क्या Trump के कहने पर Iran से जंग रोक देंगे Israel के पीएम? बेंजामिन नेतन्याहू ने खुद दिया जवाब

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।