FSSAI Jaggery Test: भारतीय रसोई में गुड़ का एक खास मुकाम है। मिठाइयों में हो, त्योहारों के पकवानों में हो या आयुर्वेदिक काढ़े में गुड़ हर जगह मौजूद रहता है। लोग इसे चीनी से बेहतर और सेहतमंद विकल्प मानते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है, कि जो गुड़ आप हर रोज खा रहे हैं, वो सच में शुद्ध है?
बाजार में बिकने वाले गुड़ में मिलावट की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं और अब भारत की खाद्य सुरक्षा संस्था FSSAI ने इस पर ध्यान देते हुए, एक बेहद आसान घरेलू जांच का तरीका बताया है, जो हर आम इंसान घर पर कर सकता है।
क्यों होती है गुड़ में मिलावट?
गुड़ की मांग पूरे साल रहती है, लेकिन त्योहारी मौसम में यह और बढ़ जाती है। इसी मांग का फायदा उठाकर कुछ बेईमान व्यापारी गुड़ में सस्ती चीजें मिलाते हैं, जिससे वज़न बढ़े और मुनाफा ज्यादा हो। इसमें चीनी, चाक पाउडर और बेकिंग सोडा यानी सोडियम बाइकार्बोनेट जैसी चीजें मिलाई जाती हैं। बेकिंग सोडा इसलिए मिलाया जाता है, जिससे गुड़ की बट्टी चिकनी और चमकदार दिखे। ऊपर से देखने पर यह मिलावट बिल्कुल नजर नहीं आती, लेकिन यह गुड़ की असली गुणवत्ता और पोषण को खत्म कर देती है।
Festivities call for a little extra care.
— FSSAI (@fssaiindia) February 28, 2026
If you’re using jaggery this season, watch this video to learn simple test to find out whether it is adulterated or not. Stay aware & stay informed. #NoToAdulteration pic.twitter.com/qWOIoMjGM7
FSSAI का घरेलू टेस्ट-
FSSAI ने अपने official X अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए गुड़ में बेकिंग सोडा की मिलावट पकड़ने का तरीका बताया। इसके लिए एक चौथाई चम्मच गुड़ को पीसकर एक छोटे गिलास या टेस्ट ट्यूब में डालें। फिर उसमें करीब 3 ml हाइड्रोक्लोरिक एसिड मिलाएं और ध्यान से देखें। अगर कोई बुलबुले नहीं उठते तो गुड़ शुद्ध है।
लेकिन अगर झाग या बुलबुले दिखें, तो समझ लीजिए कि गुड़ में मिलावट है। दरअसल बेकिंग सोडा जब हाइड्रोक्लोरिक एसिड के संपर्क में आता है, तो कार्बन डाइऑक्साइड गैस निकलती है, जो बुलबुलों के रूप में दिखती है। FSSAI ने अपनी पोस्ट में लिखा, “त्योहारों में थोड़ी सावधानी जरूरी है। अगर आप इस मौसम में गुड़ का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो यह वीडियो जरूर देखें।”
मिलावटी गुड़ खाने से क्या नुकसान?
भले ही बेकिंग सोडा की थोड़ी मात्रा तुरंत नुकसान न करे लेकिन लंबे समय तक मिलावटी गुड़ खाने से इसके पारंपरिक फायदे जैसे पाचन सुधारना, एनर्जी बढ़ाना और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करना सब खत्म हो जाते हैं। इसके अलावा इसका स्वाद और बनावट भी प्रभावित होती है।
ये भी पढ़ें- Overeating on Holi: होली पर ज्यादा खा लिया? तुरंत राहत देंगे ये 5 देसी नुस्खे, मिनटों में मिलेगा आराम
शुद्ध गुड़ कैसे खरीदें और शिकायत कहां करें?
FSSAI की सलाह है, कि हमेशा पैकेट पर FSSAI लाइसेंस नंबर जांचें। बहुत ज्यादा चमकदार या सफेद दिखने वाले गुड़ से बचें और गहरे रंग का गुड़ चुनें, जो कम प्रोसेस्ड होता है। जाने-माने ब्रांड या भरोसेमंद दुकानदार से ही खरीदें और बहुत सस्ते गुड़ से सावधान रहें। अगर मिलावट का शक हो, तो FSSAI के ऑनलाइन कम्पलेंट पोर्टल, मोबाइल ऐप या अपने स्थानीय खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कर सकते हैं। याद रखें एक जागरूक उपभोक्ता ही मिलावट के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है।
ये भी पढ़ें- Universe सुनेगा आपकी हर इच्छा, ज़िंदगी में खुशहाली और चमत्कार लाने के 6 आसान मंत्र



