IND vs NAM
    Photo Source - Google

    IND vs NAM: दिल्ली के ऐतिहासिक अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार, 12 फरवरी की शाम भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपने फैंस को जश्न मनाने का मौका दिया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने नामीबिया को 93 रन के बड़े अंतर से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी लगातार 10वीं जीत दर्ज की। यह जीत सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि टीम की लगातार बढ़ती ताकत और आत्मविश्वास का प्रतीक भी है।

    ईशान और हार्दिक की तूफानी पारियां-

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए, भारत ने 20 ओवर में 209/9 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। शुरुआत तेज रही, लेकिन असली रंग पावरप्ले के आखिरी ओवर में देखने को मिला, जब ईशान किशन ने JJ स्मिट के खिलाफ चार लगातार छक्के जड़ दिए। सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर ईशान ने 24 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और छह चौके शामिल थे।

    मिडिल ऑर्डर में हार्दिक पांड्या ने भी अपना अंदाज दिखाया। उन्होंने 28 गेंदों में 52 रन की पारी खेली और 19वें ओवर में टीम को 200 रन के पार पहुंचाया। शिवम दुबे ने भी अहम 23 रन जोड़े। हालांकि आखिरी ओवरों में कुछ विकेट जल्दी गिरे, लेकिन टीम 209 तक पहुंचने में सफल रही। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने चार विकेट लेकर जरूर संघर्ष किया, मगर स्कोर काफी बड़ा था।

    नामीबिया की शुरुआत अच्छी, लेकिन वरुण ने बदला मैच-

    210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया ने शुरुआती ओवरों में अच्छा खेल दिखाया। लॉरेन स्टीनकाम और जान फ्रिलिंक ने तेज 33 रन जोड़े। लेकिन चौथे ओवर में अर्शदीप सिंह ने पहला झटका देकर भारत को वापसी दिलाई।

    इसके बाद स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने 10 गेंदों के भीतर तीन अहम विकेट झटक लिए। उनकी फिरकी के सामने नामीबिया के बल्लेबाज टिक नहीं पाए। स्टीनकाम, लॉफ्टी-ईटन और JJ स्मिट को पवेलियन भेजकर वरुण ने विपक्ष की कमर तोड़ दी।

    कप्तान इरास्मस ने दो छक्के लगाकर उम्मीद जगाई, लेकिन अक्षर पटेल ने उन्हें आउट कर मैच पर पूरी तरह भारत की पकड़ मजबूत कर दी। आखिरकार पूरी नामीबियाई टीम 116 रन पर सिमट गई।

    गेंदबाजों का सामूहिक प्रदर्शन पांड्या बने हीरो-

    वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को दो-दो सफलताएं मिलीं। बुमराह, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह ने भी एक-एक विकेट झटका। हार्दिक पांड्या को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

    ये भी पढ़ें- Rohit Sharma समेत देखिए पद्म श्री’ सम्मान को पाने वाले क्रिकेटर्स की पूरी लिस्ट

    अब पाकिस्तान से महामुकाबला-

    इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप ए में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अब 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला होगा। दोनों टीमें अभी तक अजय हैं और सुपर-8 में जगह पक्की करने के लिए यह मैच निर्णायक साबित हो सकता है।

    ये भी पढ़ें- Yashasvi Jaiswal का घर कब आओगे गाना हुआ वायरल, लोगों ने किया जमकर ट्रोल, देखें Video

    दिल्ली की इस जीत ने साफ कर दिया है, कि मेन इन ब्लू इस बार भी खिताब बचाने के इरादे से उतरे हैं। फैंस को अब अगले मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।