YouTube AI Feature: YouTube पर आने वाले समय में आपका फीड पहले से कहीं ज्यादा AI से भरा हुआ नजर आ सकता है। YouTube ने एक बड़े बदलाव का संकेत दिया है, जिसके तहत क्रिएटर्स अब अपनी ही शक्ल और आवाज़ का इस्तेमाल करके AI-generated Shorts बना सकेंगे। इस नई योजना का खुलासा YouTube के CEO नील मोहन ने अपनी सालाना चिट्ठी में किया। उन्होंने साफ कहा, कि AI को रचनात्मकता का जरिया माना जाएगा, न कि इंसानों की जगह लेने वाला विकल्प।
नील मोहन के मुताबिक, यह नया फीचर क्रिएटर्स को अपनी पहचान के साथ प्रयोग करने की आज़ादी देगा। हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है, कि यह सुविधा कब लॉन्च होगी और इसका पूरा सिस्टम कैसे काम करेगा। माना जा रहा है, कि यह फीचर OpenAI के Sora जैसे ऐप्स की तरह काम कर सकता है, जहां यूज़र एक छोटा सा सेल्फी वीडियो और ऑडियो रिकॉर्ड करके अपना 3D डिजिटल अवतार बना सकते हैं, जिसे बाद में AI वीडियो में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
AI कंटेंट पर साफ लेबल और क्रिएटर्स की जिम्मेदारी-
YouTube ने यह भी साफ किया है कि AI से बने कंटेंट को साफ तौर पर लेबल किया जाएगा। नील मोहन के अनुसार, जो भी क्रिएटर्स realistic altered या synthetic content बनाएंगे, उन्हें इसकी जानकारी दर्शकों को देनी होगी। कंपनी पहले से ही अपने AI टूल्स से बने कंटेंट को पहचानने और चिन्हित करने पर काम कर रही है। इसके साथ ही YouTube क्रिएटर्स को ऐसे नए टूल्स देने की तैयारी में है, जिससे वे अपनी शक्ल और पहचान के गलत इस्तेमाल को कंट्रोल कर सकें।
क्या YouTube पर छा जाएगा AI Slop?
नील मोहन ने अपनी चिट्ठी में AI Slop यानी कम गुणवत्ता वाले, बार-बार दोहराए जाने वाले AI कंटेंट पर भी बात की। उन्होंने माना कि पिछले 20 सालों में YouTube ने कभी क्रिएटर्स पर अपनी सोच नहीं थोपी, लेकिन साथ ही यह भी जरूरी है, कि प्लेटफॉर्म पर देखने का अनुभव अच्छा बना रहे। इसी वजह से कंपनी low-quality AI कंटेंट को रोकने के लिए spam और clickbait के खिलाफ बने अपने सिस्टम को और मजबूत कर रही है।
उनका कहना है कि YouTube अब ऐसे कंटेंट को कम फैलाने पर ध्यान देगा, जो सिर्फ views के लिए बार-बार एक जैसा AI से बनाया गया हो। खास बात यह है कि YouTube Shorts पर इस समय रोज़ाना करीब 200 अरब views आ रहे हैं, जिससे यह साफ है कि छोटे वीडियो अब प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी ताकत बन चुके हैं।
Shorts में नए फीचर्स और बच्चों के लिए कंट्रोल-
YouTube Shorts के लिए आने वाले समय में कई नए फीचर्स भी जोड़े जाएंगे। अब क्रिएटर्स सीधे Shorts feed में image posts भी डाल सकेंगे। इसके अलावा, पैरेंट्स को यह सुविधा दी जाएगी, कि वे अपने बच्चों और किशोरों के Shorts देखने का समय कंट्रोल कर सकें। जरूरत पड़ने पर वे टाइमर को पूरी तरह ‘zero’ पर भी सेट कर पाएंगे।
ये भी पढ़ें- Jio का ₹369 का नया प्रीपेड प्लान! कम कीमत में 84 दिन की वैलिडिटी, जानिए कौन उठा सकता है फायदा
YouTube में AI से बनेंगे गेम्स भी-
नील मोहन ने एक और दिलचस्प AI फीचर की जानकारी दी, जिसके तहत यूज़र सिर्फ टेक्स्ट लिखकर गेम्स बना सकेंगे। YouTube पहले से ही कई AI टूल्स ऑफर करता है, जैसे YouTube Create ऐप में Edit with AI, 20 से ज्यादा भाषाओं में auto-dubbing और Shorts के लिए ड्रीम स्क्रीन। इसके अलावा, Ask नाम का AI टूल अब तक 2 करोड़ से ज्यादा यूज़र्स को वीडियो कंटेंट समझने में मदद कर चुका है।
ये भी पढ़ें- iPhone 18 Series: लॉन्च से पहले डिटेल हुई लीक, डिस्प्ले से लेकर रैम तक सबकुछ नया



