Viral Video
    Photo Source - Google

    Viral Video: दुनिया भर में ऐसे कई आविष्कार हुए हैं, जो हमारी कल्पना से परे होते हैं। लेकिन जापान ने एक बार फिर अपनी तकनीकी उत्कृष्टता का लोहा मनवाया है। वहां एक ऐसा वाहन चलता है, जो सड़क पर बस की तरह दौड़ता है और रेलवे ट्रैक पर ट्रेन बन जाता है। जी हां, यह सुनने में जितना अजीब लगता है, उतना ही दिलचस्प है। इस अनोखे वाहन को Dual Mode Vehicle यानी DMV के नाम से जाना जाता है और यह दुनिया का पहला ऐसा वाहन है, जो दोनों मोड में काम कर सकता है।

    क्या है Dual Mode Vehicle की खासियत?

    Dual Mode Vehicle यानी DMV एक छोटे बस की तरह दिखता है, लेकिन इसकी खासियत इसे अन्य वाहनों से अलग बनाती है। यह वाहन 2021 से जापान के शिकोकु आइलैंड पर कोची और तोकुशिमा प्रीफेक्चर को जोड़ने के लिए संचालित हो रहा है। आसा कोस्ट रेलवे नामक एक निजी सार्वजनिक रेलवे कंपनी इसका संचालन करती है। DMV की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह मात्र 15 सेकंड में अपना मोड बदल सकता है। जी हां, सिर्फ 15 सेकंड में यह बस से ट्रेन और ट्रेन से बस में तब्दील हो जाता है। अवाकैनान और कन्नौरा जैसे स्टेशनों पर यात्री इस अद्भुत परिवर्तन को अपनी आंखों के सामने देख सकते हैं।

    इस वाहन में एक बार में 21 लोग सफर कर सकते हैं। रेलवे ट्रैक पर यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ता है, जबकि सड़क पर इसकी गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। यह तकनीक न केवल समय की बचत करती है बल्कि यात्रियों को एक अनोखा अनुभव भी देती है।

    सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो-

    हाल ही में Instagram पर इस DMV का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें इसके मोड चेंज करने की प्रक्रिया दिखाई गई। वीडियो के कैप्शन में लिखा था, “जापान में एक खास तरह का वाहन है, जिसे Dual Mode Vehicle (DMV) कहा जाता है, जो बस और ट्रेन दोनों की तरह काम कर सकता है। यह एक छोटी बस की तरह दिखता है, लेकिन लगभग 15 सेकंड में यह ट्रेन के पहिए नीचे उतारकर रेलवे ट्रैक पर दौड़ सकता है।”

    इस वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं देखने लायक थीं। एक यूजर ने लिखा, “मैंने अमेरिका में मेंटेनेंस वाहनों को ऐसा करते देखा है, लेकिन कभी यात्री परिवहन के लिए नहीं। यह बहुत समझदारी भरा आइडिया है।” एक अन्य ने कमेंट किया, “यह सिर्फ जापान में ही हो सकता है।” कई लोगों ने इसे “बेहद कूल” बताया। एक यूजर ने यह भी शेयर किया, कि “जर्मनी में 1950 के दशक में इस तरह की बस का इस्तेमाल होता था।” एक मजाकिया कमेंट में लिखा गया, “बस को यह सब सीखने में कई घंटों की ट्रेनिंग लगी होगी।”

    DMV का रूट और किराया-

    DMV की सेवाएं सप्ताह के अलग-अलग दिनों में अलग-अलग रूट पर उपलब्ध हैं। सप्ताह के दिनों में यह वाहन अवाकैनान, कैफू, शिशिकुई, कन्नौरा, उमिनोएकी तोयो टाउन और मिचिनोएकी शिशिकुई ओनसेन के बीच चलता है। इस रूट पर किराया 200 येन से लेकर 800 येन (लगभग 100 रुपये से 450 रुपये) तक होता है, जो यात्रा की दूरी पर निर्भर करता है।

    शनिवार, रविवार और सार्वजनिक छुट्टियों पर DMV का रूट और भी विस्तारित हो जाता है। इन दिनों में यह मिचिनोएकी शिशिकुई ओनसेन से आगे मुरोतो हाइकौ सुइज़ोकुकान, मुरोतो सेकाई जियोपार्क सेंटर, मुरोतो मिसाकी और उमिनोएकी तोरोमु जैसी जगहों तक जाता है। इन विस्तारित यात्राओं में शुरुआती किराया 200 येन ही रहता है, लेकिन अंतिम स्टॉप तक जाने के लिए 2400 येन (लगभग 1300 रुपये) तक खर्च हो सकता है।

    जापान की इनोवेशन का एक और उदाहरण-

    Dual Mode Vehicle जापान की तकनीकी प्रगति और इनोवेटिव थिंकिंग का एक शानदार उदाहरण है। यह वाहन न केवल परिवहन को सुविधाजनक बनाता है, बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक खास आकर्षण बन गया है। शिकोकु आइलैंड के खूबसूरत तटीय इलाकों में यात्रा करने का यह एक अनोखा तरीका है।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: हल्दी की एंट्री में हाइड्रोजन गुब्बारों का धमाका, दुल्हन-दूल्हा दोनों.., देखें वीडियो

    DMV की सफलता यह साबित करती है, कि अगर टेक्नोलॉजी को सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो रोजमर्रा की समस्याओं का सोल्यूशन निकाला जा सकता है। यह वाहन खासतौर पर उन इलाकों के लिए फायदेमंद है, जहां रेलवे नेटवर्क सीमित है और सड़क परिवहन की भी जरूरत होती है। एक ही वाहन दोनों जरूरतों को पूरा कर सकता है, जिससे कॉस्ट और टाइम दोनों की बचत होती है।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: भारतीय महिला ने बताई यूएस में बड़ा घर होने की सच्चाई, कहा यह मुसीबत..