RBI Paytm News: देश की डिजिटल बैंकिंग दुनिया में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने Paytm Payments Bank Limited का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है। यह कदम करीब दो साल पहले लगाए गए प्रतिबंधों के बाद उठाया गया है, जब बैंक पर नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे थे। यह खबर सामने आते ही करोड़ों यूजर्स के मन में सवाल उठने लगे हैं, कि आखिर अब उनके पैसे और सेवाओं का क्या होगा।
बैंक बंद नहीं, लेकिन कामकाज पर कड़ी रोक-
हालांकि लाइसेंस रद्द होने के बाद भी Paytm Payments Bank Limited पूरी तरह बंद नहीं हुआ है, लेकिन इसके कामकाज पर काफी सख्ती कर दी गई है। अब बैंक नए डिपॉजिट स्वीकार नहीं कर सकता। यानी आप इसमें नया पैसा जमा नहीं कर पाएंगे। फिलहाल ग्राहक अपने पुराने जमा पैसे निकाल सकते हैं और बैंक कुछ सीमित सेवाएं जैसे लोन रेफरल्स जारी रख सकता है। इसका मतलब साफ है, बैंक का ऑपरेशन अब सिर्फ पुराने ग्राहकों तक सीमित रह गया है।
2015 में मिला था लाइसेंस, लेकिन सीमाएं पहले से थीं-
Paytm Payments Bank Limited को अगस्त 2015 में सीमित बैंकिंग लाइसेंस मिला था। यह बैंक One 97 Communications के तहत काम करता था, जिसमें कभी Ant Group और SoftBank जैसे बड़े निवेशक शामिल थे। इस लाइसेंस के तहत बैंक छोटे डिपॉजिट ले सकता था, लेकिन लोन देने की अनुमति नहीं थी। यानी इसकी भूमिका शुरुआत से ही सीमित थी।
2024 में लगी थी पहली बड़ी रोक-
RBI ने जनवरी 2024 में ही इस बैंक को नए डिपॉजिट लेने से रोक दिया था। उस समय केंद्रीय बैंक ने साफ कहा था, कि बैंक ने कई जरूरी नियमों का पालन नहीं किया। इनमें ग्राहक की पहचान (KYC), फंड के इस्तेमाल और टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े गंभीर मुद्दे शामिल थे। इसके बाद से ही यह साफ हो गया था, कि बैंक पर आगे और सख्त कार्रवाई हो सकती है।
अब क्या होगा आगे?
RBI ने संकेत दिया है, कि वह बैंक को पूरी तरह बंद करने के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर कर सकता है। यानी आने वाले समय में Paytm Payments Bank Limited का भविष्य पूरी तरह से अनिश्चित हो सकता है। ग्राहकों के लिए फिलहाल राहत की बात यह है, कि उनका पैसा सुरक्षित है और वे उसे निकाल सकते हैं। लेकिन नए लेन-देन या सेवाओं की उम्मीद करना अब मुश्किल है।
ये भी पढ़ें- WhatsApp से अब सीधे कर पाएंगे मोबाइल रिचार्ज, जानिए स्टेप बाय स्टेप आसान प्रोसेस
यूजर्स के लिए क्या मायने?
यह फैसला सिर्फ एक बैंक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे डिजिटल बैंकिंग सेक्टर के लिए एक सख्त संदेश है। आज के समय में जब हर चीज डिजिटल हो रही है, ऐसे में नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। यह मामला यह भी दिखाता है, कि चाहे कंपनी कितनी भी बड़ी क्यों न हो, नियमों के सामने किसी को छूट नहीं मिलती।
ये भी पढ़ें- OpenAI ने लॉन्च किया ChatGPT Images 2.0, जानिए इमेज जनरेशन में क्या मिलेगा नया और कैसे



