Whatsapp Mobile Recharge: सोचिए आप किसी दोस्त से WhatsApp पर बात कर रहे हैं और उसी बीच याद आया, कि फोन का रिचार्ज खत्म होने वाला है। अब न दूसरा ऐप खोलना होगा, न ब्राउज़र पर जाना होगा, बस WhatsApp पर ही रिचार्ज हो जाएगा। Meta ने भारत में WhatsApp पर मोबाइल प्रीपेड रिचार्ज की सुविधा शुरू कर दी है। यह फीचर PayU के साथ साझेदारी में लाया गया है और Android और iOS दोनों पर धीरे-धीरे सभी यूज़र्स तक पहुँचेगा।
Jio, Airtel और Vi-
इस नए फीचर से यूज़र अपना खुद का नंबर या किसी दोस्त और परिवार के सदस्य का नंबर भी रिचार्ज कर सकते हैं। Jio, Airtel और Vi तीनों बड़े टेलीकॉम ऑपरेटर इस सुविधा में शामिल हैं। यूज़र उपलब्ध प्लान देख सकते हैं, अपनी पसंद का चुन सकते हैं और ऐप से बाहर निकले बिना पेमेंट पूरी कर सकते हैं।
₹ आइकन एक टच और सब काम-
WhatsApp ने होम स्क्रीन पर एक खास ₹ आइकन जोड़ा है। इसे दबाते ही पेमेंट सेक्शन खुल जाएगा, जहां रिचार्ज के अलावा UPI सेवाएं और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। यही आइकन चैट विंडो में भी है, जिससे बातचीत के दौरान ही पैसे भेजे जा सकें।
कैसे करें इस्तेमाल-
होम स्क्रीन पर ₹ आइकन दबाएं, मोबाइल प्रीपेड रिचार्ज चुनें, अपना या किसी और का नंबर डालें, टेलीकॉम ऑपरेटर चुनें, मनपसंद प्लान चुनें, UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करें और बस रिचार्ज हो गया।
ये भी पढ़ें- OpenAI ने लॉन्च किया ChatGPT Images 2.0, जानिए इमेज जनरेशन में क्या मिलेगा नया और कैसे
WhatsApp रोज़मर्रा की ज़रूरतों का केंद्र-
Meta India के बिज़नेस मैसेजिंग डायरेक्टर रवि गर्ग ने कहा, कि भारत में WhatsApp पहले से ही लोगों की दैनिक डिजिटल ज़िंदगी का हिस्सा है। बिल पेमेंट, मेट्रो टिकट बुकिंग और सरकारी चैटबॉट्स के बाद अब मोबाइल रिचार्ज भी WhatsApp पर आ गया है। उनका कहना है, कि यह फीचर लोगों को कई ऐप के बीच भटकने से बचाएगा और एक सरल और भरोसेमंद अनुभव देगा।
ये भी पढ़ें- Motorola Edge 70 Pro भारत में लॉन्च, 6,500mAh बैटरी और IP68+IP69 रेटिंग के साथ आया दमदार फोन



