Japan Human Washing Machine: जापान हमेशा से परंपरा और तकनीक का अनूठा मेल करने के लिए जाना जाता है। अब उनकी एक नई खोज ने दुनिया भर में लोगों का ध्यान खींचा है। ओसाका की साइंस कंपनी ने एक ऐसी मशीन बनाई है, जो इंसानों को धोने का काम करती है, बिल्कुल वैसे ही जैसे वॉशिंग मशीन कपड़े धोती है। यह आइडिया कोई नया नहीं है, बल्कि 1970 के ओसाका एक्सपो में भी इसे दिखाया गया था। लेकिन उस वक्त यह सफल नहीं हो सका, क्योंकि लोगों ने अपने पारंपरिक शावर को ही प्राथमिकता दी थी।
मिराई निंगेन सेंताकुकी-
अब 55 साल बाद, साइंस कंपनी ने फिर से इस कॉन्सेप्ट को जिंदा किया है और इसे नाम दिया है “मिराई निंगेन सेंताकुकी” यानी “भविष्य की मानव धुलाई मशीन”। द आसाही शिंबुन अखबार के अनुसार, कंपनी को लगता है, कि अब सही वक्त आ गया है, इस तकनीक के लिए। आज की तेज जिंदगी में लोग ऐसी चीजों की तलाश में हैं, जो उनका समय और मेहनत बचा सकें और यह मशीन बिल्कुल यही काम करती है।
कैसे काम करती है यह अद्भुत मशीन-
यह मशीन देखने में किसी स्पेस शिप के पॉड जैसी लगती है। यह पारदर्शी है और इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और संवेदनशील सेंसर्स लगे हैं। इस्तेमाल करना बेहद आसान है, आपको बस अंदर जाकर आराम से बैठ जाना है और बाकी काम तकनीक का है। यह सिर्फ 15 मिनट में पूरा स्नान करा देती है। इसमें गर्म पानी आपके शरीर के निचले हिस्से के चारों ओर घूमता रहता है, जबकि ऊपरी हिस्से को हल्की बूंदों से धोया जाता है।
सबसे दिलचस्प बात यह है, कि इसमें हजारों छोटे-छोटे बुलबुले आपकी त्वचा पर फटते हैं, जो गंदगी को हटा देते हैं। सेंसर्स आपके दिल की धड़कन से लेकर शरीर का तापमान तक सब कुछ मॉनिटर करते रहते हैं और उसके हिसाब से साइकल को एडजस्ट करते रहते हैं।
मनोरंजन भी है, तनाव की छुट्टी भी-
यह मशीन सिर्फ सफाई का काम नहीं करती, बल्कि आपके मन को भी खुश रखती है। अंदर जाते ही आपको शांत म्यूजिक सुनाई देता है और स्क्रीन पर मन को शांत करने वाले विजुअल्स दिखते हैं। पूरे समय ऑटोमेटेड गाइडेंस मिलती रहती है, कि क्या करना है। सबसे बेहतरीन बात यह है, कि बाहर निकलते समय आप पहले से ही सूखे होते हैं, यानी तौलिया या कपड़े धोने की भी जरूरत नहीं है।
एक्सपो 2025 में मिल रहा है मौका देखने का-
फिलहाल यह मशीन ओसाका में चल रहे एक्सपो 2025 में प्रदर्शित की जा रही है। वहां हजार लोगों को इसे आजमाने का मौका मिलेगा। कंपनी का कहना है, कि इसका होम वर्जन भी बनाया जा सकता है। खासकर बुजुर्गों, व्यस्त कामकाजी लोगों और तनाव से राहत चाहने वाले लोगों के लिए यह काफी उपयोगी हो सकती है।
कीमत अभी तय नहीं, लेकिन सवाल हैं कई-
अभी तक कंपनी ने इसकी कीमत का ऐलान नहीं किया है। हालांकि यह बहुत इनोवेटिव है, लेकिन आम लोगों के लिए सवाल यह है, कि क्या 10 मिनट के शावर की जगह इतनी महंगी मशीन की जरूरत है? कॉस्ट और प्रैक्टिकैलिटी दो बड़ी समस्याएं हो सकती हैं। घर में इसे रखने की जगह भी एक मुद्दा हो सकता है।
ये भी पढ़ें- जानिए क्या है Hotline रिपेयरिंग वैन? जिससे बिना बिजली काटे दिल्ली में हो तार की मरम्मत
घर तक पहुंचेगी या नहीं-
हालांकि कुछ लोग हमेशा फ्यूचरिस्टिक चीजों के लिए लालायित रहते हैं और अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में कुछ नया अपडेट चाहते हैं। जापान के अन्य तकनीकी आविष्कारों को देखते हुए लगता है, कि प्रैक्टिकल समस्याएं जिज्ञासा के आगे छोटी पड़ सकती हैं। कई बार जापानी इनोवेशन्स पहले अजीब लगती हैं, लेकिन बाद में वे दुनिया भर में पॉपुलर हो जाती हैं।
फिलहाल मिराई निंगेन सेंताकुकी का एक्सपो शोकेस से लेकर आपके बाथरूम तक का सफर अभी भी देखना बाकी है। लेकिन एक बात तो पक्की है, कि जापान की यह खोज टेक्नोलॉजी और रोजमर्रा की जिंदगी के बीच एक नया कनेक्शन बनाने की दिशा में एक दिलचस्प कदम है।
ये भी पढ़ें- दिन में कर्मचारी, रात में मालिक! शख्स ने ऐप्स से बनाई करोड़ों की संपत्ति