Oil-Free Cooking: आजकल लोगों में दिल से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिसके चलते सेहत और फिटनेस को लेकर जागरूकता भी बढ़ी है। लोग अब स्वस्थ विकल्पों की तरफ रुख कर रहे हैं, जैसे खाने में तेल का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करना या चीनी और चर्बीयुक्त खाना छोड़ देना। इन्हीं में से एक ट्रेंड है, बिना तेल के खाना बनाना, जो दिल की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जा रहा है। आइए जानते हैं, कि यह तरीका क्या है और कैसे यह दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
क्या है बिना तेल की कुकिंग-
बिना तेल की कुकिंग एक ऐसी जीवनशैली है जो दिल के लिए फायदेमंद मानी जाती है क्योंकि इसमें खाना पकाने के तेल से मिलने वाली अस्वस्थ चर्बी को पूरी तरह हटा दिया जाता है। तेल में मौजूद सैचुरेटेड और ट्रांस फैट्स खराब कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाते हैं, धमनियों को ब्लॉक करते हैं और दिल की बीमारी तथा स्ट्रोक का खतरा बढ़ाते हैं।
तेल हटाने से कैलोरी कम होती है, खून का प्रवाह बेहतर होता है और सूजन घटती है, जो दिल की सेहत और वजन नियंत्रण के लिए जरूरी है। बिना तेल के खाना बनाने के लिए भाप में पकाना, बेक करना या बिना चर्बी के सब्जी भूनना जैसी तकनीकें इस्तेमाल की जाती हैं।
क्या कहती हैं वैज्ञानिक स्टडीज-
जर्नल ऑफ द अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन में प्रकाशित एक हालिया अध्ययन बताता है, कि बिना तेल वाली साबुत खाद्य पदार्थों पर आधारित डाइट दिल की सेहत में उन डाइट्स से ज्यादा सुधार करती है, जिनमें ऑलिव ऑयल भी शामिल है। जिन लोगों ने तेल पूरी तरह छोड़ दिया, उनमें एलडीएल कोलेस्ट्रॉल में काफी कमी, बेहतर ब्लड प्रेशर, सूजन में कमी और वजन नियंत्रण देखा गया। ये सभी कारक दिल की बीमारियों से बचाव में अहम भूमिका निभाते हैं।
ये भी पढ़ें- जानिए महीने में कितनी बार शुगर पेशेंट खा सकते हैं स्वीट्स
दिल के लिए फायदेमंद व्यंजन-
बिना तेल के कई स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जा सकते हैं। भाप में पकी सब्जियों में नींबू और लहसुन मिलाकर खाएं। मसालेदार छोले को भूनकर क्रिस्पी बनाएं। मूंग दाल के चीले नॉन-स्टिक पैन में बिना तेल के बना सकते हैं। क्विनोआ सलाद में ककड़ी, टमाटर और पुदीना मिलाकर ताजगी भरा नाश्ता तैयार करें।
ओट्स में फल, नट्स और शहद मिलाकर सुबह का पौष्टिक नाश्ता बनाएं। ये सभी व्यंजन स्वादिष्ट होने के साथ-साथ दिल के लिए भी सुरक्षित हैं। बिना तेल की कुकिंग अपनाकर आप दिल की सेहत को बेहतर बना सकते हैं और लंबे समय तक स्वस्थ रह सकते हैं।
ये भी पढ़ें- Chanakya Niti: दयालु रहें, पर खुद को ‘यूज़’ होने से कैसे बचाएं?



