Health Risk
    Photo Source - Google

    Health Risk: आपका घर कितना भी साफ-सुथरा क्यों न हो, लेकिन हो सकता है, कि रोजाना इस्तेमाल होने वाली कुछ चीजें आपकी सेहत के लिए धीमा जहर साबित हो रही हों। जो सामान देखने में बिल्कुल सामान्य लगता है, वो दरअसल आपके पेट और पूरी सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है।

    AIIMS, हार्वर्ड और स्टैंफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़े गैस्ट्रो डॉक्टर सौरभ सेठी ने अपनी 12 सितंबर की इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया है, कि घर की कौन सी 3 चीजें तुरंत फेंक देनी चाहिए। डॉक्टर सेठी का कहना है, कि ये चीजें दिखने में भले ही हानिरहित लगें, लेकिन लंबे समय तक इनका इस्तेमाल करना सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है।

    खुशबू वाली मोमबत्तियां हैं सेहत की दुश्मन-

    डॉक्टर सौरभ सेठी के मुताबिक, सबसे पहली और सबसे खतरनाक चीज है, आम खुशबू वाली मोमबत्तियां। डॉक्टर बताते हैं, “इन मोमबत्तियों में फैथेलेट्स नाम के रसायन होते हैं, जो हार्मोन्स को बिगाड़ देते हैं। इसके अलावा पैराफिन मोम का इस्तेमाल होता है, जो जलने पर कालिख और हानिकारक गैसें छोड़ता है।”

    ये रसायन समय के साथ एलर्जी, सांस की तकलीफ और पेट की समस्याओं को बढ़ावा देते हैं। डॉक्टर सेठी सुझाते हैं, कि इसकी जगह बिना खुशबू वाली सोया, नारियल या मधुमक्खी के मोम से बनी मोमबत्तियों का इस्तेमाल करें। ये जलने पर साफ धुआं देती हैं और रोजाना इस्तेमाल के लिए सुरक्षित होती हैं।

    प्लास्टिक की कटिंग बोर्ड से आता है माइक्रो प्लास्टिक-

    दूसरी खतरनाक चीज है, प्लास्टिक की कटिंग बोर्ड। डॉक्टर सेठी समझाते हैं, “जब आप प्लास्टिक बोर्ड पर चाकू चलाते हैं, तो छोटे-छोटे प्लास्टिक के कण निकलते हैं, जो खाने में मिल जाते हैं। सालों तक इस्तेमाल करने से ये जोखिम और भी बढ़ जाता है।”

    ये सूक्ष्म प्लास्टिक कण शरीर में जमा होकर लंबे समय में सेहत पर बुरा असर डाल सकते हैं। इसकी जगह डॉक्टर अच्छी तरह से रखे गए लकड़ी या बांस के बोर्ड का सुझाव देते हैं। वे कहते हैं, “कांच वाले बोर्ड साफ-सुथरे होते हैं, लेकिन चाकू जल्दी कुंद हो जाते हैं, इसलिए ये हमेशा प्रैक्टिकल नहीं होते।”

    खुरचे हुए नॉन-स्टिक पैन हैं सबसे बड़ा खतरा-

    तीसरी और सबसे चिंताजनक चीज है, खुरचे या टूटे हुए नॉन-स्टिक पैन। डॉक्टर सेठी बताते हैं, “पुराने पैन में PFOA नाम का रसायन होता है, जो प्रजनन क्षमता और हार्मोन्स को प्रभावित करता है। आजकल के नए नॉन-स्टिक पैन PFOA-फ्री होते हैं, लेकिन खुरचने पर भी सूक्ष्म कोटिंग के कण निकलते हैं।”

    ये कण खाने में मिलकर पेट और शरीर के अंदरूनी अंगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। डॉक्टर सेठी सुरक्षित विकल्प के रूप में स्टेनलेस स्टील, कास्ट आयरन या शुद्ध सिरैमिक के बर्तनों का सुझाव देते हैं। उनका कहना है, “ये विकल्प रोजमर्रा की खाना पकाने और लंबी अवधि की सेहत के लिए बेहतर हैं।”

    डॉक्टर की सलाह को गंभीरता से लें-

    डॉक्टर सौरभ सेठी एक जाने-माने गैस्ट्रो विशेषज्ञ हैं, जिन्होंने देश-विदेश की प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई की है। उनकी इस सलाह को गंभीरता से लेना चाहिए, क्योंकि ये तीनों चीजें हमारे घरों में आम तौर पर मिल जाती हैं। लोग इन्हें बेहद सामान्य समझकर रोजाना इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ये धीरे-धीरे सेहत को बिगाड़ रही होती हैं।

    ये भी पढ़ें- 6 ऐसे फूड जो आपके बच्चों का दिमाग बनाएंगे कंप्यूटर से भी तेज

    स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है, कि आज के समय में केमिकल्स से घिरी हुई, जिंदगी में छोटी-छोटी सावधानियां बहुत जरूरी हैं। घर से इन तीन चीजों को हटाना एक अच्छी शुरुआत हो सकती है।

    नोट: यह जानकारी सोशल मीडिया पर डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह पर आधारित है। किसी भी मेडिकल समस्या के लिए अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से है और किसी मेडिकल ट्रीटमेंट का विकल्प नहीं है।

    ये भी पढ़ें- जानिए सफल लोगों की 5 आदतें, जो आपको भी बना देंगी कामयाब