LPG Cylinder Restaurant Closed
    Photo Source - Google

    LPG Cylinder Restaurant Closed: देश के 5 लाख से ज्यादा रेस्तरां इन दिनों गहरे संकट में हैं। सरकार के एक आदेश की वजह से कमर्शियल रसोई गैस की आपूर्ति ठप होने का खतरा मंडरा रहा है। नेशनल रेस्तरां एसोसिएशन ऑफ इंडिया यानी NRAI ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर तत्काल दखल देने की मांग की है।

    किस आदेश ने मचाई खलबली-

    पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सरकारी तेल कंपनियों को निर्देश दिया कि LPG की आपूर्ति और बिक्री केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक ही सीमित रखी जाए। इस आदेश की भाषा साफ नहीं थी, कि देशभर के गैस वितरकों ने इसे यह मानकर चलना शुरू कर दिया, कि अब रेस्तरां को कमर्शियल सिलेंडर नहीं दिए जाएंगे। NRAI ने अपने पत्र में कहा, कि जैसे ही यह आदेश जारी हुआ, देशभर के सप्लायर्स ने रेस्तरां को कमर्शियल LPG की आपूर्ति बंद करने के संकेत देने शुरू कर दिए।

    80 लाख नौकरियां और 5.7 लाख करोड़ का कारोबार-

    NRAI का कहना है, कि रेस्तरां उद्योग पूरी तरह कमर्शियल LPG पर निर्भर है। अगर यह आपूर्ति रुकती है, तो अधिकांश रेस्तरां बंद होने की नौबत आ जाएगी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि इसका सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ेगा क्योंकि रोजाना लाखों लोग इन्हीं रेस्तरां पर अपने खाने के लिए निर्भर हैं।

    ध्यान देने वाली बात यह है, कि यह उद्योग 5 लाख से ज्यादा रेस्तरां को समेटे हुए है, जिसका सालाना कारोबार 5.7 लाख करोड़ रुपये का है और इसमें 80 लाख से ज्यादा लोगों को सीधा रोजगार मिलता है। इसके अलावा खेती, खाद्य प्रसंस्करण और माल ढुलाई जैसे कई सहायक क्षेत्र भी इस उद्योग से जुड़े हैं।

    बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई में पहले से हैं हालात खराब-

    देश के बड़े शहरों में हालात पहले से ही चिंताजनक हैं। बेंगलुरु, चेन्नई और मुंबई के होटल और रेस्तरां कमर्शियल LPG सिलेंडर की किल्लत की शिकायत कर रहे हैं। कई प्रतिष्ठानों ने बताया कि डिलीवरी में देरी हो रही है और सिलेंडर की उपलब्धता सीमित है। कुछ जगहों पर रेस्तरां मालिक गैस का किफायती इस्तेमाल करने पर मजबूर हैं या फिर खाना पकाने के वैकल्पिक तरीके ढूंढ रहे हैं।

    ये भी पढ़ें- LPG Cylinder बुकिंग के लिए अब करना होगा 25 दिन का इंतजार, जानिए सरकार ने क्यों बदला नियम?

    मध्य-पूर्व संकट ने और बढ़ाई मुश्किल-

    मध्य-पूर्व में चल रहे युद्ध और होर्मुज जलमार्ग में बाधा की वजह से LPG की अंतरराष्ट्रीय कीमतें पहले से ही बढ़ी हुई हैं। पिछले हफ्ते घरेलू सिलेंडर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 115 रुपये महंगा हो गया। सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आपातकालीन अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने को कहा है।

    ये भी पढ़ें- Delhi में Northeast की छात्राओं पर नस्लीय हमला, साकेत और मालवीय नगर में बेल्टों से पिटा

    लेकिन रेस्तरां उद्योग का कहना है, कि जब तक कमर्शियल LPG की आपूर्ति पर स्पष्टता नहीं आती और निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित नहीं होती, तब तक देशभर में खाद्य सेवाएं और रोजगार दोनों खतरे में रहेंगे।

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।