भाषा बदलें

    Weather Tomorrow
    Photo Source - Google

    Weather Tomorrow: इस गर्मी और उमस के बीच मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी शहरवासियों के लिए राहत की खबर लेकर आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज होने वाली हैं और हरियाणा के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

    अभी गर्मी से राहत नहीं-

    रविवार को गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होने के कारण लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है, कि 30 जून तक हरियाणा के कुछ हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को अभी कुछ दिन और गर्म मौसम झेलना पड़ सकता है।

    2 और 3 जुलाई को भारी बारिश की संभावना-

    मौसम विभाग के अनुसार 29 जून और 1 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। 2 और 3 जुलाई को हरियाणा के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने 2 और 3 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

    मानसून को आगे बढ़ाने में-

    पंजाब से लेकर बिहार तक फैली मौसमी ट्रफ हरियाणा से होकर गुजर रही है। इसके अलावा क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन दोनों सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले दो से तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।

    ये भी पढ़ें- सीवेज टैंक साफ करने के लिए किया मजबूर, 600 रुपए की दिहाड़ी ने ली 3 मजदूरों की जान

    सप्ताह के अंत तक मिल सकती है गर्मी से राहत-

    मौसम विभाग का अनुमान है, कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगा। लेकिन जैसे-जैसे बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, वैसे-वैसे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे गुरुग्राम समेत पूरे हरियाणा में लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल नागरिकों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

    ये भी पढ़ें- YouTube पर देखा बच्चा पैदा करने का तरीका और गवां दी जान, दर्दनाक मामला आया सामने

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।