Raghav Chadha
    Photo Source - Google

    Raghav Chadha: राजनीति में जब अपनी ही पार्टी से लड़ाई हो, तो इंसान क्या करे? राघव चड्ढा ने इसका जवाब Instagram पर खोजा। AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को एक वीडियो शेयर किया, जिसका टाइटल था, “Voice Raised Price Paid”। इस वीडियो में संसद में उनके द्वारा उठाए गए तमाम मुद्दों की झलकियां एक साथ पेश की गई हैं। यह वीडियो उन्होंने उस वक्त शेयर किया, जब उनकी अपनी पार्टी उन पर संसद में चुप रहने का आरोप लगा रही है।

    पार्टी ने क्या आरोप लगाए?

    2 अप्रैल को आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में अपने उपनेता के पद से हटा दिया। पार्टी का कहना था, कि चड्ढा संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज़ उठाने से कतराते रहे और इसकी बजाय वे अपनी “सॉफ्ट पीआर” यानी छवि चमकाने में लगे रहे। पार्टी के इस फैसले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी और सवाल उठने लगे, कि आखिर AAP और अपने ही एक बड़े चेहरे के बीच यह दरार इतनी गहरी क्यों हो गई।

    चड्ढा का पलटवार-

    राघव चड्ढा ने पार्टी के आरोपों को सीधे नकारते हुए उन्हें “झूठ” करार दिया। उनका कहना है, कि वे संसद में जनता के मुद्दे उठाने जाते हैं, न कि हंगामा खड़ा करने। अपने Instagram पोस्ट में उन्होंने लिखा, कि जो लोग उनके संसदीय काम पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें वे अपना काम दिखाकर जवाब देंगे, शब्दों से नहीं।

    पद गया, लेकिन हौसला नहीं-

    पद से हटाए जाने के बाद से राघव चड्ढा लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। एक के बाद एक वीडियो और पोस्ट के ज़रिए वे यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं, कि वे झुकने वाले नहीं हैं। जिस तरह से वे डिजिटल मंच का इस्तेमाल कर रहे हैं, उससे साफ़ है ,कि वे अपनी लड़ाई जनता के सामने लड़ना चाहते हैं, पार्टी की बंद कमरों की बैठकों में नहीं।

    ये भी पढ़ें- Delhi-Noida-Faridabad ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत, कालिंदी कुंज में बनेंगे 2 सिग्नल-फ्री Flyover

    AAP के भीतर बढ़ती दरार-

    यह विवाद सिर्फ एक नेता और पार्टी के बीच का झगड़ा नहीं है। यह इस बात का संकेत भी है, कि आम आदमी पार्टी के भीतर अब खुलकर मतभेद सामने आने लगे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी पहले से ही दबाव में है और ऐसे में राघव चड्ढा जैसे जाने-माने चेहरे का इस तरह सामने आकर पार्टी को चुनौती देना कई सवाल खड़े करता है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा, कि यह तनाव सुलह में बदलता है या टकराव और गहरा होता है।

    ये भी पढ़ें- अब गुरुग्राम साइबर सिटी में किफायती घर खरीदना आसान, जानिए नए नियम और दरें

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।