Kalindi Kunj Flyover
    Symbolic Photo Source - Google

    Kalindi Kunj Flyover: दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच रोज़ाना जाम से जूझने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। NHAI ने कालिंदी कुंज इलाके में दो नए फ्लाईओवर बनाने की मंजूरी दे दी है। यह वही इलाका है, जहां हर दिन लंबा ट्रैफिक जाम लोगों की परेशानी का कारण बनता है। इस नए प्रोजेक्ट का मकसद इस पूरे जंक्शन को सिग्नल-फ्री बनाना है, ताकि वाहनों की आवाजाही बिना रुके हो सके।

    Kalindi Kunj Flyover से बदलेगा ट्रैफिक का पूरा गेम-

    इस प्रोजेक्ट के तहत दो लूप फ्लाईओवर बनाए जाएंगे, जो ट्रैफिक फ्लो को पूरी तरह बदल देंगे। पहला फ्लाईओवर कालिंदी कुंज ब्रिज से आने वाले वाहनों को सीधे मुंबई एक्सप्रेसवे की तरफ ले जाएगा, जिससे उन्हें सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा। वहीं दूसरा फ्लाईओवर फरीदाबाद से आने वाले ट्रैफिक को सीधे ओखला बैराज रोड और एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। इस तरह दोनों दिशाओं का ट्रैफिक बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सकेगा।

    Kalindi Kunj Flyover अधिकारियों ने दी जानकारी-

    दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त ने इस प्रोजेक्ट की पुष्टि करते हुए बताया, कि इसका डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर जरूरी चर्चा भी हो चुकी है। उनका कहना है, कि लक्ष्य साफ है कालिंदी कुंज जंक्शन को पूरी तरह सिग्नल-फ्री बनाना।

    एक घंटे का सफर अब हो सकता है आसान-

    मौजूदा समय में इस रूट पर सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं है। कई बार लोगों को सिर्फ इस जंक्शन को पार करने में एक घंटे तक का समय लग जाता है। भारी ट्रैफिक, खासकर बदरपुर और शाहीन बाग जैसे इलाकों से आने वाले वाहनों की वजह से स्थिति और भी खराब हो जाती है। ऐसे में इन फ्लाईओवर के बनने से न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि ईंधन की खपत भी कम होगी।

    2022 से चल रही थी चर्चा-

    कालिंदी कुंज पर जाम की समस्या कोई नई नहीं है। अगस्त 2022 में पहली बार इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया गया था, जिसके बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, नोएडा ट्रैफिक पुलिस और NHAI के बीच कई बैठकों का दौर चला। अब जाकर इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिली है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

    दूसरे इलाकों में भी बनेंगे सिग्नल-फ्री कॉरिडोर-

    सिर्फ कालिंदी कुंज ही नहीं, बल्कि दिल्ली के अन्य व्यस्त रूट्स जैसे आश्रम-बदरपुर और मेहरौली-गुरुग्राम कॉरिडोर पर भी इसी तरह के प्रोजेक्ट्स की योजना बनाई जा रही है। इन इलाकों को भी धीरे-धीरे सिग्नल-फ्री बनाया जाएगा, जिससे शहर में ट्रैफिक की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सके।

    ये भी पढ़ें- FASTag नहीं तो ज़्यादा देना होगा टैक्स, 10 अप्रैल से Toll पर नहीं चलेगा नकद

    लोगों की उम्मीदें बढ़ीं-

    इस प्रोजेक्ट के ऐलान के बाद रोज़ाना इस रूट से गुजरने वाले लोगों में खुशी और उम्मीद दोनों देखने को मिल रही है। लोगों का मानना है, कि अगर यह योजना समय पर पूरी हो जाती है, तो उनकी रोज़ की परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी।दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते ट्रैफिक के बीच यह कदम एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है, जो आने वाले समय में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बना सकता है।

    ये भी पढ़ें- सीज़फायर के बाद कच्चे तेल की कीमत हुई कम, लेकिन क्या LPG सिलेंडर भी होगा जल्द सस्ता?

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।