Mumbai Police Constable Suicide: 32 साल की उम्र, हाथ में नई नौकरी और दिल में एक सपना मुंबई पुलिस में ड्राइवर के तौर पर 7 फरवरी 2026 को भर्ती हुए भैयासाहेब भीमराव वावले की ज़िंदगी अभी शुरू ही हुई थी। परभणी के रहने वाले इस जवान का शव 15 मार्च को कलिना ट्रेनिंग सेंटर में मिला। पास में एक सुसाइड नोट था, जिसे उनके पिता ने उन्हीं का लिखा हुआ बताया। उस नोट ने एक ऐसी दास्तान उजागर की जो झकझोर कर रख देती है।
प्यार जिसे परिवार ने नहीं माना-
भैयासाहेब का नांदेड़ की एक लड़की से प्यार था। लेकिन लड़की के घरवालों को यह रिश्ता कतई मंज़ूर नहीं था। सुसाइड नोट के मुताबिक, उसके मां-बाप बार-बार उन पर दबाव बनाते थे, कि वो यह रिश्ता तोड़ दें। बात यहीं नहीं रुकी, उन्हें सीधे धमकी दी गई “खुद मर जा या सस्पेंड हो जा।” इतना ही नहीं, लड़की की कहीं और शादी तय करने की भी बात चल रही थी और उत्पीड़न थमने का नाम नहीं ले रहा था। एक नई नौकरी, एक अधूरा प्यार और लगातार मिलती धमकियां, इस सबने मिलकर एक जवान ज़िंदगी को तोड़ दिया।
परिवार की शिकायत पर केस दर्ज-
भैयासाहेब के परिवार ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद वकोला पुलिस ने लड़की के माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सुसाइड नोट को अहम सबूत के तौर पर जब्त किया गया है। पुलिस ने कहा है, कि मामले की गहन जांच की जा रही है और उत्पीड़न के सभी आरोपों की सच्चाई जांची जाएगी।
ये भी पढ़ें- HDFC Bank चेयरमैन के इस्तीफे के कुछ घंटों में डूबे एक लाख करोड़, अब निवेशक क्या करें?
मुंबई में बढ़ते अपराध की तस्वीर-
कलिना की यह घटना अकेली नहीं है। इन दिनों मुंबई में अपराध की कई परेशान करने वाली खबरें सामने आई हैं। हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने 64 करोड़ रुपये की 64 किलो हाइड्रोपोनिक गांजे की खेप पकड़ी और चार लोगों को गिरफ्तार किया। विक्रोली में दो नाबालिग लड़कियों को अगवा करने की कोशिश एक स्थानीय निवासी की सूझबूझ से नाकाम हुई।
बांद्रा में एक 50 वर्षीय शख्स ने 45 दिन के बच्चे को उसकी दादी से छीनने की कोशिश की। दहिसर में पार्किंग के मामूली विवाद में एक युवक की जान चली गई और धारावी में एक 58 वर्षीय शख्स ने काला जादू के शक में अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
ये भी पढ़ें- Rahul Gandhi पर कंगना रनौत ने दिया बड़ा बयान, कहा वह टपोरी की तरह आते हैं और महिलाओं को…



