Farsa Wale Baba: मथुरा की सड़कों पर उस वक्त तनाव का माहौल छा गया, जब खबर फैली कि इलाके के जाने-माने गौरक्षक चंद्रशेखर, जिन्हें लोग प्यार से ‘फरसा वाले बाबा’ बुलाते थे, अब इस दुनिया में नहीं रहे। आरोप है, कि पशु तस्करों ने अपनी गाड़ी से उन्हें रौंद डाला। इस दर्दनाक खबर के फैलते ही लोगों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए।
पीछा करते वक्त हुई घटना-
जो बात सामने आई है, उसके मुताबिक यह सारा मामला कोसीकलां थाना क्षेत्र के नविपुर के पास का है। चंद्रशेखर को जब यह इनपुट मिला कि उस इलाके में पशु तस्कर सक्रिय हैं, तो वो अपने साथियों के साथ उन्हें रोकने निकल पड़े। लेकिन नविपुर के पास पहुंचते ही तस्करों ने अपनी गाड़ी सीधे उन पर चढ़ा दी। उन्हें मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। यह घटना उन लोगों के लिए एक बड़ा झटका थी जो उन्हें अपना हीरो मानते थे।
कौन थे ‘Farsa Wale Baba’?
चंद्रशेखर यानी ‘फरसा वाले बाबा’ ब्रज क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम थे। वह मथुरा और आसपास के इलाकों में अवैध गौ-तस्करी को रोकने का काम करते थे और कई बार तस्करों को पकड़वा भी चुके थे। उनकी खास पहचान थी, उनके साथ हमेशा रहने वाला फरसा यानी कुल्हाड़ी इसी वजह से लोग उन्हें ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से बुलाने लगे।
अजनोख गांव में उनकी एक गौशाला थी, जहां लगभग 400 गायें थीं। हर रात वो मोटरसाइकिल पर अपने साथियों के साथ आसपास के गांवों में पैट्रोलिंग करते थे, ताकि कोई गाय को नुकसान न पहुंचा सके। इलाके में उनकी छवि एक निडर और समर्पित गौसेवक की थी, जो बिना किसी डर के तस्करों का सामना करने के लिए जाने जाते थे।
हिंसा और पथराव-
बाबा की मौत की खबर जैसे ही फैली, गुस्साए लोगों ने Delhi-Agra Highway को जाम कर दिया। नारेबाजी के बीच भीड़ बढ़ती रही और माहौल बिगड़ने लगा। कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई। DIG समेत कई सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। आखिरकार पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए रबर बुलेट का इस्तेमाल करना पड़ा।
हाईवे पर घंटों फंसे रहे लोग-
हाईवे जाम होने से ट्रैफिक का बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है, कि कई विदेशी नागरिक भी घंटों तक जाम में फंसे रहे। कुछ ड्राइवर घबराहट में गलत दिशा में गाड़ी चलाने लगे, जिससे और ज्यादा अफरातफरी मच गई। इस हंगामे के दौरान ADM यानी अतिरिक्त जिलाधिकारी की सरकारी गाड़ी को भी भीड़ ने नुकसान पहुंचाया।
ये भी पढ़ें- भारत के ये 4 Airport होंगे बंद, Flight बुक करने से पहले देख लें लिस्ट और डेट्स
पुलिस अलर्ट-
घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हालात को सामान्य करने में जुटे हैं। फिलहाल माहौल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताया जा रहा है। ‘फरसा वाले बाबा’ के समर्थकों में अभी भी गहरा आक्रोश है और प्रशासन की कोशिश है कि यह गुस्सा दोबारा हिंसा की शक्ल न ले।
ये भी पढ़ें- Gurugram में खुला देश का पहला LPG ATM, जानिए कितने समय और कैसे करता है काम



