Faridabad News: सोचो आप ड्यूटी पर हैं और आपके अधिकारी कार्यालय में बैठे-बैठे जानते हैं, कि आप ठीक उसी जगह पर हैं, जहां आपको होना चाहिए और अगर नहीं हैं, तो यह भी पता चल जाएगा। हरियाणा पुलिस ने अपने बीट पुलिसकर्मियों के लिए यही व्यवस्था लागू कर दी है। स्मार्ट ई-बीट सिस्टम के ज़रिए अब फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों की रियल-टाइम निगरानी होगी। यह सिस्टम पहले गुरुग्राम में शुरू किया गया था, फिर पंचकूला में आया और अब फरीदाबाद समेत दूसरे ज़िलों में भी लागू हो गया है।
क्या है यह ई-बीट सिस्टम?
ई-बीट सिस्टम एक मोबाइल ऐप आधारित प्लेटफॉर्म है जिसे हरियाणा पुलिस ने बेंगलुरू की एक आईटी कंपनी के साथ मिलकर बनाया है। हर बीट पुलिसकर्मी के मोबाइल में यह ऐप डाउनलोड कर लॉग-इन कराया जाता है। ड्यूटी पर आने के बाद पुलिसकर्मी इस ऐप से अपनी हाजिरी दर्ज करते हैं और गश्त के दौरान उनकी लाइव लोकेशन सिस्टम में दिखती रहती है। वरिष्ठ अधिकारी किसी भी वक्त यह देख सकते हैं कि कौन पुलिसकर्मी कहाँ है और अपनी तय जगह पर है या नहीं।
एटीएम से स्कूल तक-
इस सिस्टम में शहर के संवेदनशील स्थानों को पहले से चिह्नित किया जाता है। इनमें एटीएम, पेट्रोल पंप, स्कूल, धार्मिक स्थल और बुज़ुर्गों के घर शामिल हैं। इन जगहों पर नियमित गश्त सुनिश्चित की जाती है ताकि अपराध पर शुरू से ही नज़र रखी जा सके। जिन इलाकों में चोरी, लूट, झपटमारी और छेड़छाड़ की घटनाएँ ज़्यादा होती हैं, वहाँ पुलिसकर्मियों की उपस्थिति बढ़ाई जाती है।
घटना हुई तो सबसे नज़दीकी पुलिसकर्मी तुरंत पहुंचेगा-
ई-बीट सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा है, रिस्पॉन्स टाइम में कमी। जैसे ही कहीं कोई घटना होती है, अधिकारी सिस्टम पर देख सकते हैं कि घटनास्थल के सबसे नज़दीक कौन-कौन पुलिसकर्मी तैनात हैं। उन्हें तुरंत वहां रवाना किया जा सकता है। भविष्य में इस सिस्टम को एमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम यानी 112 हेल्पलाइन से भी जोड़ा जाएगा ताकि नज़दीकी बीट ऑफिसर भी मदद के लिए पहुंच सके।
ये भी पढ़ें- 60 हजार की रिश्वत लेते पकड़ी गईं SDM, 4 लाख की संदिग्ध रकम भी बरामद
पहले मैनुअल था सिस्टम-
पहले बीट सिस्टम पूरी तरह मैनुअल था, जिसमें निगरानी बेहद सीमित थी। लेकिन अब डिजिटल व्यवस्था से जवाबदेही और पारदर्शिता दोनों बढ़ी हैं। फरीदाबाद पुलिस के अनुसार, इस सिस्टम के लागू होने के बाद से फील्ड में पुलिसकर्मियों की उपस्थिति बढ़ी है और अपराध पर अंकुश लगा है। स्मार्ट पुलिसिंग की यह पहल बता रही है, कि हरियाणा पुलिस तकनीक को अपनाकर जनता को बेहतर सुरक्षा देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें- लोकसभा में महिला आरक्षण पर बड़ा झटका! 278 वोट से पहल खारिज, क्या अब फिर टलेगा फैसला?



