Chandigarh Blast
    Photo Source - Google

    Chandigarh Blast: पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सेक्टर 37 स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी, कि आसपास के कई इलाकों तक सुनाई दी, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग घबराकर तुरंत सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। यह घटना ऐसे समय में हुई जब दफ्तर में सामान्य कामकाज चल रहा था, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई।

    शुरुआती जांच-

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत इलाके को सील कर दिया गया। शुरुआती जांच में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आसपास खड़े कुछ दोपहिया और चारपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को खाली करवा दिया और बैरिकेडिंग कर दी, ताकि कोई भी अनहोनी दोबारा न हो सके।

    छोटी क्रूड जैसी चीज़-

    इस मामले पर चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने भी बयान जारी किया। उन्होंने कहा, “आज लगभग 5 बजे हमें सूचना मिली थी, कि सेक्टर 37 में भाजपा कार्यालय में किसी धमाके जैसी आवाज़ आई। FSL टीम यहां पहुंची। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है, कि कोई छोटी क्रूड जैसी चीज़ यहां फेंकी गई है। NIA की टीम यहां आ चुकी है, FSL टीम, चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल, क्राइम ब्रांच और जिला क्राइम सेल की टीमें यहां पहुंच चुकी हैं। जांच जारी है।”

    SSP के बयान से संकेत-

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, कि धमाका सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी के पास हुआ था। इस जानकारी के बाद बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है, कि धमाका किस वजह से हुआ और इसमें किस तरह के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। हालांकि SSP के बयान से यह संकेत जरूर मिलता है, कि कोई क्रूड डिवाइस इस्तेमाल किया गया हो सकता है।

    इस घटना के बाद पूरे चंडीगढ़ शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। प्रमुख चौराहों, एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर पुलिस की चेकिंग बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन तलाशी ली जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है, कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि ऐसी घटनाओं के बाद मिस्इंफोर्मेशन तेजी से फैलती है।

    आम लोगों में भी डर-

    बीजेपी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस धमाके को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है, कि यह शहर का माहौल बिगाड़ने और डर फैलाने की साजिश हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है, कि इस घटना के पीछे जो भी लोग जिम्मेदार हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। वहीं आम लोगों में भी डर साफ नजर आ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस इलाके को हमेशा सुरक्षित माना जाता था, वहां इस तरह की घटना होना चिंता का विषय है।

    ये भी पढ़ें- जानिए कौन हैं IAS Rinku Singh Rahi? जिन्होंने बिना ज़िम्मेदारी के सैलरी मिलने पर दिया इस्तीफा

    संदिग्ध गतिविधि की जांच-

    जांच एजेंसियां अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है, कि धमाके से पहले वहां कौन मौजूद था और क्या किसी संदिग्ध गतिविधि के संकेत मिलते हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल इकट्ठा किए हैं, जिन्हें लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि विस्फोटक की प्रकृति का पता लगाया जा सके।

    ये भी पढ़ें- IMD ने जारी किया अलर्ट, 3-4 अप्रैल को इन राज्यों में भारी बारिश, ओले और आंधी की चेतावनी

    राजनीतिक रूप से संवेदनशील माने जाने वाले इस क्षेत्र में इस तरह की घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इसका संबंध किसी बड़े नेटवर्क या साजिश से तो नहीं है। फिलहाल पुलिस, NIA और अन्य एजेंसियां हर पहलू पर नजर बनाए हुए हैं और मामले को गंभीरता से ले रही हैं।

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।