Katni Ration Scam
    Photo Source - Google

    Katni Ration Scam: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने आम लोगों के भरोसे को हिला दिया है। क्योनोर क्षेत्र में जब ग्रामीण राशन लेने पहुंचे, तो उन्हें उम्मीद थी, कि उन्हें पिछले 5 महीनों का पूरा राशन मिलेगा। लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट निकली। लोगों को सिर्फ 1 महीने का राशन दिया गया, जिससे गुस्सा भड़क उठा और देखते ही देखते राशन दुकान के बाहर भारी हंगामा शुरू हो गया।

    हमारा हक क्यों मारा?

    गांव के लोगों का कहना है, कि उनके पास 5 महीने की पात्रता पर्ची थी, यानी उन्हें 5 महीने का राशन मिलना चाहिए था। लेकिन जब उन्हें सिर्फ एक महीने का ही अनाज दिया गया, तो उन्हें शक हुआ, कि कहीं न कहीं बड़ी गड़बड़ी हो रही है। धीरे-धीरे यह बात पूरे गांव में फैल गई और लोग दुकान पर इकट्ठा हो गए। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी खुलकर विरोध किया। लोगों का कहना था, कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि सीधा-सीधा उनका हक छीनने जैसा है।

    दुकानदार की हरकत ने बढ़ाया शक-

    जैसे ही ग्रामीणों का विरोध तेज हुआ, राशन दुकानदार ने जवाब देने के बजाय दुकान बंद कर दी और मौके से फरार हो गया। इस हरकत ने लोगों के शक को और पुख्ता कर दिया, कि मामला साधारण नहीं, बल्कि एक बड़ा घोटाला हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है, कि अगर सब कुछ सही होता, तो दुकानदार भागता क्यों?

    पुलिस पहुंची-

    स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया और मामले की जांच का आश्वासन दिया। हालांकि, ग्रामीणों का गुस्सा पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। उनका कहना है, कि उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि न्याय चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने कहा है, कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

    ये भी पढ़ें- जानिए कैसे पगड़ी वाली कसम ने दिलाई सम्राट चौधरी को Bihar CM की कुर्सी

    PDS सिस्टम पर उठे बड़े सवाल-

    इस घटना ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी PDS पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार का यह सिस्टम गरीब और जरूरतमंद लोगों तक सस्ता राशन पहुंचाने के लिए बनाया गया है, लेकिन अगर इसी में गड़बड़ी होने लगे, तो सबसे ज्यादा नुकसान उन्हीं लोगों को होता है, जिनके लिए यह योजना बनी है।

    ये भी पढ़ें- स्कूल में खाना बना मौत की वजह, एक बच्ची की जान गई, 100 से ज्यादा बच्चे बीमार

    कटनी की यह घटना सिर्फ एक गांव की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे सिस्टम के लिए एक चेतावनी है। जरूरत है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सजा मिले, जिससे भविष्य में कोई भी गरीब का हक मारने की हिम्मत न कर सके।

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।