Rajpal Yadav: बॉलीवॉड की चमक-दमक भरी दुनिया में अक्सर हम सितारों की परफेक्ट लाइफ देखते हैं, लेकिन कभी-कभी इस चमकती दुनिया के पीछे छिपे दर्द की कहानियां भी सामने आती हैं। ऐसी ही एक कहानी है, कॉमेडी के बादशाह राजपाल यादव की, जो अपनी हंसी-मजाक से करोड़ों दिलों में जगह बनाने वाले एक्टर आज खुद मुसीबतों के दौर से गुजर रहे हैं।
दिल्ली हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत-
गुरुवार को राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में खुद को सरेंडर कर दिया। ये फैसला दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा उन्हें राहत देने से इनकार करने के बाद आया। एक्टर ने कोर्ट से सरेंडर की डेडलाइन बढ़ाने की गुहार लगाई थी, लेकिन कोर्ट ने उनकी अर्जी को खारिज कर दिया।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जेल सूत्रों ने बताया, “उन्होंने गुरुवार शाम 4 बजे जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर किया। अब जेल प्रशासन स्टैंडर्ड प्रोसीजर फॉलो करेगा।”
क्या था कोर्ट का रुख?
बुधवार को हाई कोर्ट ने राजपाल की सरेंडर डेडलाइन बढ़ाने की अपील को ठुकरा दिया था। एक्टर के वकील ने कोर्ट को बताया था, कि उन्होंने 50 लाख रुपये का इंतजाम कर लिया है और बाकी रकम चुकाने के लिए एक हफ्ते का वक्त मांगा था। हालांकि, कोर्ट ने इस प्ली को मंजूर नहीं किया।
कोर्ट ने अपना स्टैंड साफ करते हुए कहा, “यह कोर्ट किसी भी व्यक्ति के लिए सिर्फ इसलिए विशेष परिस्थितियां नहीं बना सकता, क्योंकि वह किसी खास बैकग्राउंड या इंडस्ट्री से ताल्लुक रखता है। नरमी कभी-कभी जरूरी होती है, लेकिन इसे लगातार बढ़ाया नहीं जा सकता, खासकर जब कोई बार-बार अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़े।”
ये भी पढ़ें- Dhurandhar 2 नेटफ्लिक्स पर नहीं होगी रिलीज, जानिए किस OTT प्लेटफॉर्म पर आएगी यह धमाकेदार सीक्वल
केस की पूरी कहानी-
यह पूरा मामला एम/एस मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत से शुरू हुआ था। कंपनी ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी के खिलाफ चेक बाउंस होने और कर्ज न चुकाने की शिकायत दर्ज करवाई थी। साल 2018 में दिल्ली की एक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को चेक बाउंस केस में दोषी करार देते हुए, एक्टर को छह महीने की जेल की सजा सुनाई थी। सालों की कोर्ट कार्यवाही के बाद अब राजपाल को तिहाड़ जेल में रहना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें- Salman Khan चुपचाप Dhurandhar 2 में कर रहे हैं एंट्री? क्यों वायरल हो रही तस्वीर



