Jacqueline Fernandez
    Photo Source - Google

    Jacqueline Fernandez: बॉलीवुड की चमक-दमक से दूर एक कोर्टरूम में जैकलीन फर्नांडीज की ज़िंदगी का एक अहम अध्याय लिखा जा रहा है। कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन ने एक बड़ा और चौंकाने वाला कदम उठाया है। उन्होंने दिल्ली की एक अदालत में अप्रूवर यानी सरकारी गवाह बनने के लिए अर्ज़ी दाखिल की है। कोर्ट ने इस अर्ज़ी का संज्ञान लेते हुए प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी को नोटिस जारी किया है और जवाब मांगा है। इस मामले की अगली सुनवाई 20 अप्रैल को होगी।

    क्या होता है अप्रूवर और क्यों है यह कदम अहम?

    अप्रूवर वह व्यक्ति होता है, जो किसी मामले में आरोपी होते हुए भी जाँच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करने और सच्चाई उगलने के बदले अभियोजन से राहत पाने की मांग करता है। यानी जैकलीन अगर अप्रूवर बन जाती हैं, तो वे अदालत में ऐसी जानकारियां दे सकती हैं, जो इस पूरे कथित घोटाले के तार-तार खोल सकती हैं। इससे जाँचकर्ताओं को पैसों के बहाव और इस पूरे जाल के पीछे के नेटवर्क का पता लगाने में बड़ी मदद मिल सकती है।

    क्या प्रक्रिया है अप्रूवर बनने की?

    अदालत ने सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया, कि जैकलीन को पहले ईडी के पास औपचारिक रूप से अपनी बात रखनी होगी। ईडी उनका बयान दर्ज करेगी और यह देखेगी कि वे जाँच में कितना सहयोग करने को तैयार हैं। इसके बाद ईडी कोर्ट में अर्ज़ी दाखिल कर अप्रूवर का दर्जा देने की सिफारिश कर सकती है। फैसला अभी ईडी के हाथों में है।

    महीनों की चुप्पी के बाद क्यों बदला रुख?

    लंबे समय तक जैकलीन यह कहती रही थीं कि उन्हें सुकेश की कथित आपराधिक गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और जो तोहफे मिले वे किस स्रोत से आए, यह उन्हें पता नहीं था। लेकिन जब सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ कार्यवाही खत्म करने से इनकार कर दिया और जाँच जारी रखने की इजाज़त दी, तब से उनकी रणनीति बदलती दिखी। अब अप्रूवर बनने की अर्ज़ी उनकी इस नई रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

    ये भी पढ़ें- क्या थिएटर छोड़ सीधे OTT पर आएगी Maatrubhumi? सलमान खान ने लिया बड़ा फैसला

    क्या है यह पूरा मामला?

    सुकेश चंद्रशेखर पर आरोप है, कि उसने 200 करोड़ रुपये की उगाही का रैकेट चलाया, जिसमें पूर्व रनबैक्सी प्रमोटरों के परिवार समेत कई हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बनाया गया। ईडी का आरोप है, कि जैकलीन को सुकेश से करोड़ों की लग्ज़री गिफ्ट मिली, जो कथित रूप से अपराध की कमाई थी। इस मामले में बार-बार पूछताछ, कानूनी लड़ाइयां और जेल से सुकेश के दावे सबने इसे सुर्खियों में बनाए रखा।

    ये भी पढ़ें- “मैं ज़िंदा लाश बन गया था.., समय रैना ने बताया India’s Got Latent विवाद के बाद क्या हुआ था उनका हाल

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।