Nitesh Rane Case
    Photo Source - Google

    Nitesh Rane Case: महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़ा एक पुराना मामला अब फिर सुर्खियों में है। Nitesh Rane को 2019 के एक मामले में अदालत ने दोषी ठहराते हुए एक महीने की सजा सुनाई है। यह मामला उस समय का है जब मुंबई-गोवा हाईवे की खराब हालत को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान एक सरकारी इंजीनियर पर कीचड़ डाला गया था।

    क्या था पूरा मामला?

    यह घटना 4 जुलाई 2019 की है, जब NHAI के डिप्टी इंजीनियर प्रकाश शेडेकर को कणकवली में गड नदी के पास बने पुल का निरीक्षण करने के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि उस दौरान नितेश राणे और उनके समर्थकों ने इंजीनियर पर कीचड़ डाल दिया और उन्हें सार्वजनिक रूप से कीचड़ भरे रास्ते से गुजरने के लिए मजबूर किया।

    यह विरोध प्रदर्शन सड़क की खराब गुणवत्ता और जलभराव की समस्या को लेकर किया जा रहा था, लेकिन इस दौरान जो हुआ, उसने पूरे मामले को विवादित बना दिया।

    कोर्ट का फैसला-

    सिंधुदुर्ग कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए कहा, कि भले ही राणे की मंशा जनता की समस्याओं को उठाने की थी, लेकिन किसी सरकारी अधिकारी का सार्वजनिक रूप से अपमान करना गलत है। अदालत ने स्पष्ट कहा, कि इस तरह की घटनाएं अगर जारी रहीं, तो सरकारी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियां सम्मान के साथ नहीं निभा पाएंगे। कोर्ट ने इसे “पावर का गलत इस्तेमाल” बताया और कहा कि ऐसे व्यवहार पर रोक लगाना समय की मांग है।

    कौन-कौन थे आरोपी और क्या हुआ फैसला?

    इस मामले में कुल 30 लोगों पर आरोप लगाए गए थे, जिनमें दंगा, साजिश और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप शामिल थे। हालांकि, सबूतों की कमी के कारण 29 आरोपियों को बरी कर दिया गया। लेकिन नितेश राणे को भारतीय दंड संहिता की धारा 504 के तहत दोषी पाया गया, जिसमें जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने का आरोप शामिल है।

    ये भी पढ़ें- 20 हजार के लिए कब्र खोदकर बहन का कंकाल बैंक ले आया भाई, सिस्टम पर उठे बड़े सवाल

    सजा पर रोक-

    कोर्ट ने सजा सुनाने के बाद उसे अस्थायी रूप से निलंबित भी कर दिया है, ताकि राणे उच्च अदालत में अपील कर सकें। इसका मतलब है, कि फिलहाल उन्हें जेल नहीं जाना पड़ेगा, लेकिन मामला अभी खत्म नहीं हुआ है।

    ये भी पढ़ें- Faridabad में 9 महीने की बच्ची को अपनी ही मां नाले में फैंका, जानिए पूरा मामला

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।