KitKat Break Mode Wrapper
    Photo Source - Google

    KitKat Break Mode Wrapper: KitKat का वह मशहूर नारा तो सबने सुना है, “Have a break, have a KitKat।” लेकिन अब यह सिर्फ एक विज्ञापन की बात नहीं रही। Nestlé की इस चॉकलेट ब्रांड ने कुछ ऐसा कर दिखाया है, जो शायद आपने कभी सोचा भी नहीं होगा। KitKat Panama ने क्रिएटिव एजेंसी Ogilvy Colombia के साथ मिलकर एक खास रैपर बनाया है, जिसे “Break Mode” कहते हैं। और इस रैपर की खासियत? यह आपके फोन के सभी सिग्नल ब्लॉक कर देता है, न कॉल, न मैसेज, न वाई-फाई, न दूम-स्क्रोलिंग। बस आप और आपकी चॉकलेट।

    कैसे काम करता है यह जादुई रैपर?

    इसके पीछे की तकनीक नई नहीं है लेकिन इसका यह इस्तेमाल बिल्कुल अनोखा है। इसे Faraday cage की तकनीक पर बनाया गया है। Faraday cage एक ऐसी संरचना होती है जो विद्युत चुंबकीय संकेतों को अंदर आने या बाहर जाने से रोकती है। इस रैपर में कॉपर, पॉलिएस्टर और पॉलीप्रोपाइलीन की एक खास परत होती है। जैसे ही आप अपना फोन इस रैपर के अंदर रखते हैं, फोन तुरंत डिजिटल दुनिया से कट जाता है। मोबाइल नेटवर्क, वाई-फाई और रेडियो सिग्नल सब कुछ बंद।

    आइडिया सुनकर लगा-

    आज के दौर में जब “5 मिनट में वापस आता हूं” वाली स्क्रोलिंग कब एक घंटे में बदल जाती है पता ही नहीं चलता, तब KitKat का यह आइडिया बेहद प्रासंगिक लगता है। KitKat के नए विज्ञापन में इसे एक व्यावहारिक और ज़रूरी चीज़ की तरह पेश किया गया है। Nestlé की मार्केटिंग डायरेक्टर किम वाइगेल ने कहा, “हमारा लक्ष्य उस रिचुअल को और खास बनाना है। आप KitKat खोलते हैं, फोन को रैपर में रखते हैं, चॉकलेट के टुकड़े अलग करते हैं और पल में डूब जाते हैं। आपकी डिजिटल दुनिया चुप हो जाती है और आपका असली ब्रेक शुरू होता है।”

    एक साल तक चलेगा-

    यह रैपर एक साल तक प्रभावी रहता है। इसके बाद इसे रीसाइकल किया जा सकता है यानी पर्यावरण को भी नुकसान नहीं। तो KitKat ने एक तीर से दो निशाने साधे, डिजिटल डिटॉक्स और पर्यावरण के प्रति ज़िम्मेदारी।

    ये भी पढ़ें- BJP मंत्री नितेश राणे को हुई एक महीने की जेल, सरकारी अधिकारी पर कीचड़..

    क्या यह आइडिया भारत में भी आएगा?

    फिलहाल यह KitKat Panama का अभियान है, लेकिन दुनिया भर में इसकी चर्चा हो रही है। अगर यह भारत में आया तो शायद हम भी एक बार सच में “Take a Break” कर पाएंगे।

    ये भी पढ़ें- 20 हजार के लिए कब्र खोदकर बहन का कंकाल बैंक ले आया भाई, सिस्टम पर उठे बड़े सवाल

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।