Evening News
    Photo Source - Google

    Evening News: भोपाल के 10 नंबर मार्केट में शनिवार का दिन अचानक दर्दनाक मोड़ ले गया। नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम जैसे ही कार्रवाई करने पहुंची, माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच एक व्यापारी ने ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे बाज़ार को हिला कर रख दिया। उसने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली। यह विरोध का वह चरम रूप था, जो किसी के भी रोंगटे खड़े कर दे। लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।

    कुछ सेकंड की देरी पड़ सकती थी भारी-

    आग लगते ही आसपास खड़े लोग दौड़ पड़े और तुरंत आग बुझाई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है, कि अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो हादसा भयावह हो सकता था। व्यापारी के कपड़े जल गए और वह मामूली रूप से झुलस गया। साथी व्यापारियों ने उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने बताया, कि उसकी हालत खतरे से बाहर है। बाज़ार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दहशत फैल गई।

    व्यापारियों का आरोप-

    इस घटना ने उस असंतोष को उजागर किया, जो व्यापारियों के मन में काफी समय से धधक रहा था। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है, कि नगर निगम की यह कार्रवाई चयनात्मक है यानी कुछ खास दुकानों को ही निशाना बनाया जा रहा है। जबकि दूसरों को छोड़ दिया जाता है। इससे पक्षपात की आशंका गहरी होती जा रही है और व्यापारियों में नाराज़गी उग्र रूप लेती दिख रही है।

    ये भी पढ़ें- सरकार का बड़ा फैसला, डीज़ल और एटीएफ पर बढ़ाया निर्यात शुल्क

    शहर के अन्य इलाकों में भी सुलग रही है नाराज़गी-

    यह तनाव सिर्फ 10 नंबर मार्केट तक सीमित नहीं है। भोपाल के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह के बाहर भी अतिक्रमण को लेकर लोगों में रोष बना हुआ है। ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था से आम नागरिकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। एक तरफ नगर निगम शहर को अतिक्रमण मुक्त करना चाहता है और दूसरी तरफ व्यापारी अपनी रोज़ी-रोटी बचाने की जद्दोजहद में हैं।

    ये भी पढ़ें- लड़की के कान में फट गया नया ईयरफोन, सोशल मीडिया पर वायरल हुई दर्दनाक कहानी

    अस्वीकरण: यह समाचार लेख उपलब्ध सार्वजनिक जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। पाठकों से अनुरोध है, कि वे किसी भी निर्णय से पहले संबंधित आधिकारिक स्रोतों से जानकारी की पुष्टि अवश्य करें।

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।