Weather Update: मार्च की गर्मी से राहत तो मिलेगी लेकिन उसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने देश के कई राज्यों के लिए इस हफ्ते बड़ी चेतावनी जारी की है। 3 और 4 अप्रैल को मौसम सबसे ज़्यादा बिगड़ने की आशंका है, जब दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और एक नया मौसमी तंत्र एक साथ टकराएंगे। उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वोत्तर भारत तक हर जगह सतर्क रहने की ज़रूरत है।
उत्तर भारत में सबसे ज़्यादा असर-
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में भारी बारिश, गरज के साथ तूफान और छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है। 2 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी आने वाला है, जो मौजूदा तंत्र को और तेज़ कर देगा। पंजाब, हरियाणा और उत्तर राजस्थान में सोशल मीडिया पर पहले से ही खड़ी गेहूं की फसल को ओलों से नुकसान की तस्वीरें सामने आ रही हैं।
मध्य भारत में 6 अप्रैल तक खतरा-
मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में 6 अप्रैल तक गरज, बिजली और तूफान का सिलसिला जारी रहेगा। 2 अप्रैल तक ओलावृष्टि की भी संभावना है। IMD ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है जिससे पेड़ गिरने और बुनियादी ढांचे को नुकसान का खतरा है।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश की आशंका-
असम और मेघालय में 31 मार्च और 1 अप्रैल को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी और उत्तरपूर्वी राज्यों में पूरे हफ्ते बिखरी से लेकर काफी व्यापक बारिश का अनुमान है।
किसानों के लिए बड़ा संकट-
यह मौसम उन किसानों के लिए बेहद चिंताजनक है जिनकी गेहूं और दूसरी रबी फसलें अभी खेतों में खड़ी हैं। हरियाणा, उत्तर राजस्थान और पंजाब में पहले से ओलावृष्टि की खबरें आ रही हैं। अगर 3-4 अप्रैल को स्थिति और बिगड़ी तो फसल के नुकसान का दायरा और बढ़ सकता है।
ये भी पढ़ें- जानिए कौन हैं IAS Rinku Singh Rahi? जिन्होंने बिना ज़िम्मेदारी के सैलरी मिलने पर दिया इस्तीफा
तापमान में भी आएगी गिरावट-
उत्तर भारत में 6 अप्रैल तक दिन का तापमान सामान्य से कम रहेगा और 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। मध्य और पूर्वी भारत में भी पहले तापमान गिरेगा और फिर धीरे-धीरे बढ़ेगा। IMD ने कई राज्यों में ऑरेंज और येल्लो अलर्ट जारी किए हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वो बाहर निकलते समय सावधान रहें खासकर उन इलाकों में जहाँ खराब मौसम का खतरा ज़्यादा है।
ये भी पढ़ें- Gas Cylinder पर ₹300 की राहत, जानिए किसे मिलेगा फायदा और कैसे करें आवेदन



