Latest News: कर्नाटक के हासन ज़िले के सकलेशपुर तालुक में स्थित बेत्तड़ा भैरवेश्वर मंदिर अपनी हरी-भरी वादियों और नयनाभिराम दृश्यों के लिए जाना जाता है। यही वजह है, कि यह जगह प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए एक लोकप्रिय ठिकाना बन गई है। एक जोड़ा अपने फोटोग्राफरों के साथ यहां फोटोशूट के लिए पहुंचा था। लेकिन जो रोमांटिक यादें बनाने आए थे, वो एक हिंसक घटना का शिकार हो गए।
जूते पहनने पर बवाल-
फोटोशूट के दौरान कुछ लोगों ने मंदिर परिसर में फोटोग्राफी पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था, कि फोटोग्राफर ने जूते पहने हुए थे, जो मंदिर की पवित्रता के खिलाफ है। बात-बात में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया। हमलावरों ने फोटोग्राफरों पर हमला कर दिया। इस दौरान एक कैमरा भी तोड़ दिया गया। फोटोग्राफर नवी और नंदन को चोटें आईं और उन्हें सकलेशपुर तालुक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा-
सकलेशपुर ग्रामीण पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मामला दर्ज कर लिया गया और मुदिगेरे तालुक के 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में आशी, प्रशांत, रक्षा, अरविंद, उचित, प्रज्वल और निशांत शामिल हैं। मामले की आगे जांच जारी है।
मंदिर में फोटोग्राफी नियम या अधिकार?
यह घटना एक बड़े सवाल को उठाती है, धार्मिक स्थलों पर फोटोग्राफी को लेकर क्या नियम होने चाहिए और अगर कोई उनका उल्लंघन करे, तो उसका समाधान हिंसा है या बातचीत? आपत्ति जताना हर किसी का अधिकार है, लेकिन किसी पर हाथ उठाना और उनका सामान तोड़ना कानूनन अपराध है। अगर वाकई नियमों का उल्लंघन हो रहा था, तो पुलिस को बुलाया जा सकता था, हिंसा किसी समस्या का हल नहीं है।
ये भी पढ़ें- Noida International Airport: जानिए Delhi NCR के नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए क्या होगा खास
फोटोग्राफरों और जोड़ों के लिए सतर्कता ज़रूरी-
इस घटना के बाद उन सभी लोगों के लिए एक सबक है, जो इस तरह की जगहों पर फोटोशूट की योजना बनाते हैं। मंदिर या धार्मिक स्थलों के पास फोटोशूट से पहले स्थानीय नियमों की जानकारी लेना और प्रशासन से अनुमति लेना ज़रूरी है। सुंदर यादें बनाने के लिए किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए और साथ ही हर किसी को यह भी समझना होगा, कि मतभेद को हिंसा से नहीं बल्कि संवाद से सुलझाया जाता है।
ये भी पढ़ें- Delhi IGI Airport: कैसे बीच हवा में खराब हुआ Flight का इंजन? 160 पैसेंजर के साथ हुई इमरजेंसी लैंडिंग



