Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरान भी किया है और भावुक भी। यह वीडियो भारत के एक बेहद अनोखे रेलवे स्टेशन की कहानी दिखाता है, जहां रोज़ नहीं, हफ्ते में नहीं, बल्कि साल में सिर्फ दो बार ट्रेन आती है। यह स्टेशन है, पंजाब के फिरोजपुर जिले में स्थित हुसैनीवाला रेलवे स्टेशन, जो अपनी खामोशी और इतिहास के लिए जाना जाता है।
सीमा के पास बसा एक शांत स्टेशन-
भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित यह स्टेशन साल के अधिकांश समय सुनसान रहता है। यहां न भीड़ है, न रोज़ की भागदौड़। लेकिन इसकी खामोशी अपने अंदर कई कहानियां समेटे हुए है। आसपास के लोग बताते हैं, कि यह जगह सिर्फ एक स्टेशन नहीं, बल्कि इतिहास की एक जीवित झलक है, जहां हर कोना बीते वक्त की याद दिलाता है।
कभी था व्यस्त रेल मार्ग का अहम हिस्सा-
हुसैनीवाला रेलवे स्टेशन की शुरुआत 1885 में हुई थी। उस समय यह रेलवे लाइन भारत को लाहौर और आगे पेशावर तक जोड़ती थी। व्यापार, सेना की आवाजाही और आम यात्रियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण रास्ता हुआ करता था। लेकिन 1947 में देश के विभाजन के बाद इस रूट की अहमियत धीरे-धीरे खत्म हो गई और स्टेशन लगभग वीरान हो गया।
साल में सिर्फ दो बार चलती है ट्रेन-
इस स्टेशन की सबसे खास बात यही है, कि यहां ट्रेन सिर्फ दो खास मौकों पर ही चलती है। पहला, 23 मार्च को, जब शहीद भगत सिंह की पुण्यतिथि होती है। दूसरा, 13 अप्रैल को बैसाखी के त्योहार पर। इन दिनों दूर-दूर से लोग यहां पहुंचते हैं, शहीदों को श्रद्धांजलि देने और इस ऐतिहासिक जगह को देखने के लिए। यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट से चलकर हुसैनीवाला तक आती है और वापस वहीं लौट जाती है, क्योंकि यह रेल लाइन का आखिरी पड़ाव है।
रेलवे लाइन का आखिरी स्टेशन-
हुसैनीवाला सिर्फ एक स्टेशन नहीं, बल्कि इस रेल मार्ग का अंतिम छोर है। इसके आगे कोई ट्रेन नहीं जाती। जहां कभी पटरियों पर रौनक हुआ करती थी, वहां आज सन्नाटा पसरा रहता है। यह जगह हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि समय के साथ कैसे चीजें बदल जाती हैं।
इतिहास की झलक आज भी मौजूद-
इस स्टेशन के पास कभी सतलुज नदी पर एक बड़ा पुल हुआ करता था, जो इस रेल मार्ग को जोड़ता था। आज उस पुल के कुछ अवशेष ही बचे हैं, जो इसकी पुरानी महत्ता की गवाही देते हैं। यहां खड़ा एक पुराना पीपल का पेड़ भी लोगों के लिए यादों का प्रतीक बन चुका है।
ये भी पढ़ें- Viral Video: “मंदिर तो बहुत अच्छा है, लेकिन”.., जर्मनी के बच्चे का राम मंदिर विजिट वायरल, देखें
वायरल वीडियो ने जगाई लोगों की दिलचस्पी-
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति स्टेशन पर खड़े होकर बता रहा है कि उसके पीछे खड़ी ट्रेन साल में सिर्फ दो बार चलती है। इस वीडियो को देखकर लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए अपनी भावनाएं साझा कीं। किसी ने लिखा, कि इस स्टेशन का नाम भगत सिंह के नाम पर होना चाहिए, तो किसी ने गर्व से कहा, कि वह फिरोजपुर से है। कुछ लोगों ने पुराने स्टेशन की हालत पर चिंता जताई और कहा, कि वह अब जर्जर स्थिति में है।
ये भी पढ़ें- Viral Video: देखें कैसे बिहार पुलिस कांस्टेबल ने बचाई CISF जवान की जान, वीडियो हुआ वायरल



