Rajeev Chandrasekhar Controversy: केरल की राजनीति में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक नया विवाद सामने आ गया है। कांग्रेस ने बीजेपी नेता और केरल इकाई के प्रमुख राजीव चंद्रशेखर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है, कि उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में बेंगलुरु स्थित एक बेहद महंगी रिहायशी संपत्ति का जिक्र नहीं किया। इस आरोप के सामने आते ही सियासी हलचल तेज हो गई है और मामला अब चुनाव आयोग तक पहुंचने की मांग के साथ गरमा गया है।
करोड़ों की संपत्ति छुपाने का आरोप-
कांग्रेस के अनुसार, बेंगलुरु के कोरमंगला जैसे पॉश इलाके में स्थित करीब 49,000 स्क्वायर फीट का एक आलीशान घर, जो 1.07 एकड़ जमीन पर बना है, उसे हलफनामे में शामिल नहीं किया गया। पार्टी का दावा है, कि इस जमीन की कीमत ही करीब 200 करोड़ रुपये हो सकती है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया, कि इस प्रॉपर्टी का टैक्स 17 मार्च को भरा गया, जो नामांकन दाखिल करने से ठीक पहले की तारीख है। कांग्रेस ने इसे जानबूझकर जानकारी छुपाने का मामला बताया है।
चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग-
कांग्रेस ने राजीव चंद्रशेखर को “आदतन गलती करने वाला” बताते हुए चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग की है। पार्टी ने Representation of the People Act के तहत उनकी उम्मीदवारी रद्द करने की बात कही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अगर इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होती, तो चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठेंगे।
क्या कहते हैं चंद्रशेखर के हलफनामे के आंकड़े?
राजीव चंद्रशेखर द्वारा दाखिल किए गए, हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 93 करोड़ रुपये से अधिक बताई है। इसमें करीब 78.81 करोड़ रुपये की चल संपत्ति शामिल है, जबकि उनकी पत्नी के पास 18.10 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। इन संपत्तियों में बैंक डिपॉजिट, शेयर, बॉन्ड और म्यूचुअल फंड जैसे निवेश शामिल हैं। इसके अलावा उनके पास 3.58 करोड़ रुपये से अधिक के गहने और एक विंटेज 1942 मॉडल की मोटरसाइकिल भी है।
कर्ज और आय का भी खुलासा-
हलफनामे में उन्होंने 107 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियां भी बताई हैं, जबकि उनकी पत्नी पर करीब 1.62 करोड़ रुपये का कर्ज है। आय की बात करें तो 2024-25 में चंद्रशेखर ने लगभग 92.91 लाख रुपये की कमाई दिखाई है, जबकि उनकी पत्नी की आय 60.50 लाख रुपये बताई गई है।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं-
यह पहला मौका नहीं है जब राजीव चंद्रशेखर विवादों में आए हों। इससे पहले भी उनके सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें उन्होंने 2023 के कलामसेरी ब्लास्ट को लेकर एक बयान दिया था। हालांकि उस मामले में केरल हाई कोर्ट ने पुलिस को उनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई न करने के निर्देश दिए थे।
ये भी पढ़ें- Navratri की भजन संध्या बनी विवाद का मंच, कव्वाली गाने पर भड़के हिंदू संगठन
चुप्पी से बढ़े सवाल-
इन गंभीर आरोपों के बावजूद अभी तक न तो राजीव चंद्रशेखर और न ही बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। उनकी चुप्पी इस पूरे विवाद को और भी रहस्यमय बना रही है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह मामला किस दिशा में जाता है और चुनावी राजनीति पर इसका क्या असर पड़ता है।
ये भी पढ़ें- पूर्व मंत्री Laljit Singh Bhullar क्यों हुए गिरफ्तार? जानिए अधिकारी की आत्महत्या का पूरा मामला



