Iran Missile Attack
    Photo Source - Google

    Iran Missile Attack: जैसे ही अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले किए, तेहरान ने देर किए बगैर जवाब दे दिया। मध्य पूर्व के कई देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों पर ईरान ने मिसाइलों की बौछार कर दी। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसमें बहरीन के अमेरिकी नौसैनिक अड्डे पर मिसाइल गिरते हुए और उसके बाद काले धुएं का गुबार उठते हुए साफ देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है, कि यह मिसाइल ईरान ने दागी थी। अभी तक इस हमले में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

    भारत में ईरानी दूतावास ने किया पोस्ट-

    टाइम्स नाउ के मुताबिक, भारत में ईरानी दूतावास ने शनिवार को एक बयान जारी करते हुए साफ कहा, कि बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डे को ईरानी मिसाइलों से निशाना बनाया गया। दूतावास ने हमले के बाद का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें अड्डे के ऊपर धुएं के बड़े-बड़े बादल उठते दिख रहे हैं। इस पोस्ट के सामने आते ही दुनिया भर में हलचल मच गई।

    सिर्फ बहरीन नहीं, कई देश बने निशाना-

    बहरीन के अलावा ईरान ने कतर में अल उदैद हवाई अड्डे, कुवैत में अल सलेम हवाई अड्डे और UAE में अल धफरा हवाई अड्डे को भी निशाना बनाया। कुछ स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक तेहरान ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद को भी नहीं बख्शा। UAE ने कहा, कि उसने ईरान की कुछ मिसाइलों को बीच रास्ते में ही मार गिराया।

    पहले अमेरिका-इजराइल ने किया था वार-

    यह सब तब शुरू हुआ, जब शनिवार की सुबह इजराइल और अमेरिका ने मिलकर ईरान पर एक बड़ा संयुक्त हमला बोला। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, कि यह अभियान ईरान से पैदा हो रहे खतरे को खत्म करने के लिए जरूरी था। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रम्प का शुक्रिया अदा करते हुए, उनकी अगुवाई को ऐतिहासिक बताया। नेतन्याहू ने ईरानी जनता से भी अपील की, कि वे इस शासन की जंजीरों को तोड़ें और एक आजाद ईरान की राह चुनें।

    ये भी पढे़ें- अंग्रेज़ों ने 1917 में लिया था ₹35,000 का कर्ज़, 107 साल बाद भारतीय परिवार ने मांगा करोंड़ों का हिसाब

    ट्रम्प ने किया ऐलान, दुनिया हुई हैरान-

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया मंच Truth Social पर एक संबोधन में इस सैन्य अभियान की पुष्टि की। उन्होंने बताया, कि अमेरिका ने ईरान के परमाणु और सैन्य ढांचे को निशाना बनाया है। हफ्तों से चल रही परमाणु वार्ता और सैन्य तनाव के बाद यह हमला मध्य पूर्व की सबसे बड़ी भड़काऊ घटना बन गई है, जिसने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है।

    ये भी पढे़ें- Iran ने UAE, Qatar और Saudi Arabia पर क्यों किया मिसाइल हमला, मिडल ईस्ट में तबाही का मंजर

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।