AI Impact Summit 2026: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले AI Impact Summit 2026 को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह पांच दिवसीय कार्यक्रम 16 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस समिट में देश-विदेश के राष्ट्राध्यक्ष, सरकार प्रमुख, मंत्री, वरिष्ठ प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के नेता हिस्सा लेंगे। इसी बीच 17 फरवरी से सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो रही हैं, जिसके चलते दिल्ली की सड़कों पर अतिरिक्त दबाव रहने की संभावना है।
ट्रैफिक व्यवस्था और आपातकालीन सेवाएं-
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा, कि नई दिल्ली जिले और आसपास के इलाकों में विस्तृत ट्रैफिक नियम लागू किए जाएंगे ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके। आपातकालीन सेवाओं, जिसमें मेडिकल इमरजेंसी वाहन शामिल हैं, को बिना किसी रुकावट के प्राथमिकता के साथ रास्ता दिया जाएगा। आम जनता के लिए वैकल्पिक रास्ते और परिवहन के साधनों की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को सलाह दी गई है, कि वह अपने सफर के लिए अतिरिक्त 1 से 2 घंटे का समय रखें, खासकर हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन जाने के लिए।
IGI एयरपोर्ट के लिए वैकल्पिक रास्ते-
गुरुग्राम से आने वालों के लिए एनएच-48 और यूईआर-2 का रास्ता सुझाया गया है। द्वारका से यात्रा करने वालों को सेक्टर-22 द्वारका रोड और यूईआर-2 होते हुए जाना होगा। नई दिल्ली और दक्षिण दिल्ली से आने वालों के लिए एम्स चौक और आरटीआर मार्ग का उपयोग करना बेहतर रहेगा। पश्चिम दिल्ली के यात्रियों को पंजाबी बाग चौक और यूईआर-2 से होकर जाना चाहिए, जबकि उत्तर और पूर्वी दिल्ली से आने वालों को आईएसबीटी कश्मीरी गेट और यूईआर-2 का रास्ता अपनाना होगा।
रेलवे स्टेशनों के लिए खास व्यवस्था-
रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने के लिए एक विशेष उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर पूरी तरह से खुला रहेगा। इसमें रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां और आईएसबीटी कश्मीरी गेट शामिल हैं। संभावित सड़क बंद होने की स्थिति में दिल्ली मेट्रो का उपयोग करना सबसे अच्छा विकल्प है, क्योंकि यह पूरी तरह से चालू रहेगी।
ये भी पढ़ें- Highway और Railway दोनों नदी के नीचे, जानिए क्या भारत का पहला अंडरवाटर ट्विन टनल प्रोजेक्ट
प्रमुख ट्रैफिक प्रतिबंध और दिशानिर्देश-
भारत मंडपम, प्रगति मैदान और नई दिल्ली जिले के कुछ हिस्सों में ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे। वीवीआईपी आवागमन के दौरान भैरों मार्ग और मथुरा रोड पर डायवर्जन हो सकता है। दिल्ली पुलिस एडमिट कार्ड वाले छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में मदद करेगी। दिल्ली के लिए नहीं आने वाले भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। सभी यात्रियों को संभावित देरी के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें- Noida से Delhi जाना होगा मिनटों का खेल, बनेंगे 8 नए मेट्रो स्टेशन, जानिए डिटेल



