Bengaluru Airport Sexual Harassment
    Photo Source - Google

    Bengaluru Airport Sexual Harassment: बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई, जब एक 25 वर्षीय एयरपोर्ट स्टाफ पर एक दक्षिण कोरियाई महिला के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा के सवाल को उठाती है, खासकर तब जब अपराधी खुद सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा हो।

    पुलिस के मुताबिक, आरोपी एयरपोर्ट में स्टाफ के तौर पर तैनात था। घटना उस समय हुई जब दक्षिण कोरियाई महिला अपनी कोरिया जाने वाली फ्लाइट पकड़ने के लिए एयरपोर्ट पहुंची थी। टिकट और सिक्योरिटी चेक के दौरान आरोपी ने दावा किया कि महिला के बैग से कोई बीपिंग साउंड आ रही है और उसे अलग से चेकिंग करवानी होगी।

    रेस्टरूम में ले जाकर की शर्मनाक हरकत-

    देवनहल्ली के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस श्री हर्ष ने बताया, कि सिक्योरिटी चेक के बहाने आरोपी महिला को पुरुषों के टॉयलेट में ले गया और वहां उसके साथ अभद्रता की। महिला ने तुरंत बाहर आकर एयरपोर्ट सिक्योरिटी को इस घटना की जानकारी दी। एयरपोर्ट स्टाफ ने फौरन आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया।

    महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने एयरपोर्ट के CCTV फुटेज की जांच की। वीडियो में महिला के आरोपों की पुष्टि हो गई। ACP हर्ष ने कहा कि CCTV फुटेज साफ तौर पर महिला की शिकायत को सपोर्ट करता है। सबूत और महिला के बयान के आधार पर केस रजिस्टर किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

    ये भी पढ़ें- आपके टैक्स से बनी 21 करोड़ की टंकी पहली बार पानी भरते ही टूटी, सरकार कैसे लोगों को दे रही है टेंडर?

    भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज-

    पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 के तहत केस दर्ज किया है, जो यौन उत्पीड़न से संबंधित है। अधिकारियों ने बताया कि वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या आरोपी अतीत में भी ऐसी किसी घटना में शामिल रहा है। यह मामला एक बार फिर याद दिलाता है कि महिलाओं की सुरक्षा सिर्फ कानून बनाने से नहीं, बल्कि उन्हें सख्ती से लागू करने से सुनिश्चित होती है। खासकर एयरपोर्ट जैसी जगहों पर जहां लोग सुरक्षित महसूस करना चाहते हैं, वहां ऐसी घटनाएं बेहद निंदनीय हैं।

    ये भी पढ़ें- Noida Techie की मौत का सच! बचाने की कोशिश करने वाले डिलीवरी एजेंट को पुलिस ने दी थी स्क्रीप्ट

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।