Gurdaspur Policeman Firing: पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। भारत-पाकिस्तान सीमा से महज 2 किलोमीटर दूर अधियान गांव में स्थित एक बॉर्डर आउटपोस्ट पर ड्यूटी के दौरान दो पुलिसकर्मियों के बीच जमकर बहस हुई, जो इतनी बढ़ गई, कि दोनों ने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं।
इस दुखद घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह आउटपोस्ट पंजाब पुलिस और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की जॉइंन्ट मॉनिटरिंग में काम करता है, जो देश की दूसरी लाइन ऑफ डिफेंस के रूप में भी जाना जाता है।
कौन थे वो दोनों जवान?
मारे गए दोनों जवानों की पहचान असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह और होम गार्ड अशोक कुमार के रूप में हुई है। दोनों अपनी ड्यूटी पर तैनात थे और शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा, कि यह उनकी आखिरी ड्यूटी साबित होगी। एक छोटी सी बहस ने न सिर्फ दो जिंदगियां छीन लीं, बल्कि दो परिवारों को तबाह करके रख दिया।
घटना के बाद हरकत में आई पुलिस-
जैसे ही इस घटना की खबर फैली, पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गुरदासपुर के SSP आदित्य तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे एरिया को कॉर्डन ऑफ कर दिया और टेक्नीकल व फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया।
दोनों जवानों के शवों को पोस्ट-मॉर्टम के लिए हॉस्पिटल भेज दिया गया है, जिसके बाद मौत की वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है, कि आखिर वो कौन सी बात थी, जिसने इस कदर भयावह रूप ले लिया।
ये भी पढ़ें- Jeffrey Epstein का वो ईमेल जिसने दुनिया को चौंका दिया, क्या सच में याददाश्त मिटाई जा सकती है?
कांग्रेस ने उठाई जांच की मांग-
इस घटना पर पंजाब कांग्रेस चीफ अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने गहरी चिंता जताई और राज्य व केंद्र सरकार दोनों से इस मामले की जांच करने की मांग की। उन्होंने X पर लिखा, कि गुरदासपुर के अधियान गांव में दो पुलिसकर्मियों का इस तरह मारा जाना गंभीर मामला है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं और दोषियों की पहचान कर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें- गोरखपुर जेल का सच, मुसलमान अलग बैरक में, दलित शौचालय के पास, एक फ्रांसीसी की आंखों देखी कहानी
यह घटना एक बड़ा सवाल खड़ा करती है, कि सीमा जैसी संवेदनशील जगह पर तैनात जवानों के बीच इस तरह का टकराव कैसे हुआ। जांच के नतीजे ही बताएंगे, कि सच्चाई क्या है, लेकिन इस हादसे ने पूरे पंजाब को हिलाकर रख दिया है।



