ChatGPT Usage in India: देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का चलन तेजी से बढ़ रहा है और इस मामले में दिल्ली-NCR सबसे आगे निकलकर सामने आया है। OpenAI की एक ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, ChatGPT का सबसे ज्यादा उपयोग दिल्ली-NCR में हो रहा है। इसके अलावा बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई जैसे बड़े शहर भी इस नई तकनीक को तेजी से अपना रहे हैं।
बड़े शहरों में AI का ज्यादा इस्तेमाल-
रिपोर्ट के अनुसार, देश के सिर्फ 10 बड़े शहरों में ही कुल AI उपयोग करने वालों का लगभग आधा हिस्सा रहता है, जबकि इन शहरों की आबादी देश की कुल जनसंख्या का बहुत छोटा भाग है। इसका मतलब यह है, कि बड़ी आबादी अभी भी इस नई तकनीक से पूरी तरह नहीं जुड़ पाई है।
दिल्ली-NCR जैसे शहरों में लोग ChatGPT का इस्तेमाल सिर्फ सवाल पूछने के लिए ही नहीं, बल्कि पढ़ाई, काम, लिखाई, गणना और रोजमर्रा के कई काम आसान बनाने के लिए कर रहे हैं।
भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है-
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है, कि भारत दुनिया के उन देशों में शामिल हो चुका है। जहां लोग AI का इस्तेमाल समझदारी से और बड़े स्तर पर कर रहे हैं। यहां लोग अब सिर्फ साधारण सवाल नहीं पूछ रहे, बल्कि मुश्किल समस्याओं का हल, लिखाई-पढ़ाई और आंकड़ों की समझ के लिए भी इसका सहारा ले रहे हैं।
कम समय में ही भारत में AI से जुड़े काम करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे यह साफ है कि देश तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
छोटे शहर अभी पीछे-
जहां बड़े शहर आगे हैं, वहीं छोटे शहर और गांव अभी इस दौड़ में पीछे नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बड़े शहरों में आंकड़ों का विश्लेषण (डाटा समझना) छोटे शहरों के मुकाबले कई गुना ज्यादा किया जा रहा है। इससे यह पता चलता है, कि अभी भी हर जगह लोगों तक इस तकनीक की पहुंच नहीं बन पाई है।
पढ़ाई और सेहत में बढ़ा इस्तेमाल-
हालांकि कुछ राज्यों से अच्छी खबर भी सामने आई है। असम में AI का इस्तेमाल पढ़ाई से जुड़े कामों में ज्यादा हो रहा है। वहीं ओडिशा, मणिपुर, त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ में भी छात्र इस तकनीक का अच्छा उपयोग कर रहे हैं। सेहत के क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और केरल जैसे राज्यों में लोग AI का इस्तेमाल सलाह लेने और जानकारी पाने के लिए ज्यादा कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Realme Narzo 100 Lite 5G भारत में लॉन्च, दमदार बैटरी और बजट में 5G का तगड़ा कॉम्बो
विशेषज्ञों का कहना है, कि अब सबसे बड़ी चुनौती यह है, कि AI का फायदा सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित न रह जाए, बल्कि छोटे शहरों और गांवों तक भी पहुंचे। इसके लिए लोगों को सही जानकारी और प्रशिक्षण देना जरूरी होगा। इसी दिशा में OpenAI भारत में अपनी पहुंच बढ़ा रहा है और TCS और Razorpay जैसी कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रहा है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस तकनीक का लाभ उठा सकें।
ये भी पढ़ें- Vivo T5 Pro 5G भारत में लॉन्च, दमदार बैटरी और पावरफुल परफॉर्मेंस के साथ मिड-रेंज मार्केट में नई एंट्री



