PNG Connection: देश में LPG सिलिंडर के लिए बढ़ती लाइनों और इंतजार से लोग परेशान नजर आ रहे हैं। बदलते हालात में हर कोई ऐसा विकल्प चाहता है, जिसमें बार-बार बुकिंग, डिलीवरी और इंतजार की टेंशन न हो। ऐसे में पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG कनेक्शन एक स्मार्ट और आसान समाधान बनकर उभरा है। PNG की सबसे बड़ी खासियत यही है, कि यह गैस सीधे पाइपलाइन के जरिए आपके घर तक पहुंचती है। यानी सिलिंडर खत्म होने की चिंता खत्म और किचन में लगातार गैस सप्लाई बनी रहती है।
आपके इलाके में PNG है या नहीं? ऐसे करें पता-
PNG कनेक्शन लेने से पहले यह जानना जरूरी है, कि आपके एरिया में यह सुविधा उपलब्ध है या नहीं। इसके लिए आप अपने लोकल गैस प्रोवाइडर जैसे भारत पेट्रोलियम की वेबसाइट पर जा सकते हैं। वहां अपने इलाके का पिन कोड डालते ही आपको पता चल जाएगा कि आपके घर तक गैस पाइपलाइन पहुंची है या नहीं। अगर सुविधा उपलब्ध है, तो आप तुरंत आवेदन कर सकते हैं।
घर बैठे ऐसे करें PNG कनेक्शन के लिए अप्लाई-
PNG कनेक्शन के लिए अब आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए गैस प्रोवाइडर की वेबसाइट पर जाकर Domestic PNG Connection का ऑप्शन चुनना होता है।
इसके बाद आपको अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर जैसी बेसिक जानकारी भरनी होती है। साथ ही पहचान पत्र और एड्रेस प्रूफ जैसे जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होते हैं।
सभी डिटेल्स भरने के बाद रजिस्ट्रेशन फीस और सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करके फॉर्म सबमिट कर दिया जाता है। इसके बाद आपको एक रेफरेंस नंबर मिलता है, जिससे आप अपने आवेदन का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।
किन डॉक्यूमेंट्स की होगी जरूरत?
PNG कनेक्शन के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज देना अनिवार्य होता है। पहचान के लिए आधार कार्ड, PAN कार्ड, वोटर ID या पासपोर्ट मान्य हैं। एड्रेस प्रूफ के तौर पर बिजली, पानी या टेलीफोन बिल दिया जा सकता है। अगर आप किराए के घर में रहते हैं, तो रेंट एग्रीमेंट और मकान मालिक से NOC भी देनी होती है। इसके अलावा घर से जुड़े कुछ दस्तावेज जैसे पजेशन लेटर या हाउस टैक्स रसीद भी मांगी जा सकती है।
15 दिन में इंस्टॉलेशन-
आवेदन करने के बाद प्रक्रिया काफी तेज होती है। आमतौर पर 15 दिनों के अंदर टेक्नीशियन आपके घर आता है और साइट सर्वे करता है। इसके बाद पाइपलाइन कनेक्शन और मीटर इंस्टॉल कर दिया जाता है। इंस्टॉलेशन के समय आप टेक्नीशियन का ID कार्ड जरूर चेक करें, ताकि किसी तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके। एक बार कनेक्शन लगने के बाद आपको गैस की लगातार सप्लाई मिलने लगती है।
ये भी पढ़ें- WhatsApp पर वीडियो कॉल के लिए AI बैकग्राउंड कैसे बनाएं, जानिए स्टेप-बाय-स्टेप
क्यों बन रहा है PNG लोगों की पहली पसंद?
आज के समय में सुविधा और भरोसा सबसे जरूरी है। PNG कनेक्शन न सिर्फ समय बचाता है, बल्कि सुरक्षित और किफायती भी माना जाता है। LPG सिलिंडर की झंझट से छुटकारा पाने के लिए लोग तेजी से इस विकल्प को अपना रहे हैं। अगर आपके इलाके में भी यह सुविधा उपलब्ध है, तो यह सही समय है, कि आप भी PNG कनेक्शन लेकर अपने किचन को स्मार्ट और टेंशन-फ्री बनाएं।
ये भी पढ़ें- Samsung Galaxy Z Fold 8 और Z Flip 8 Leak: कीमत, फीचर्स और क्या मिलेगा नया, जानिए सब कुछ



