India Hydrogen Stove: सोचो आपको गैस सिलिंडर का इंतज़ार नहीं करना, न भारी-भरकम सिलिंडर उठाना और न ही धुएं से परेशान होना बस थोड़ा सा पानी डालिए और चूल्हा जल जाएगा। यह सपना अब हकीकत बन रहा है। भारतीय कंपनी ग्रीनवाइज़ ने एक ऐसा हाइड्रोजन कुकिंग स्टोव बनाया है, जो पानी को ईंधन में बदलकर खाना पकाता है। एलपीजी की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति की चुनौतियों के बीच यह आविष्कार देश भर में चर्चा का विषय बन गया है।
कैसे काम करता है यह अनोखा चूल्हा?
ग्रीनवाइज़ का यह हाइड्रोजन स्टोव एक प्लग-एंड-प्ले डिवाइस है, जिसमें दो बर्नर हैं। इसके अंदर एक छोटा इलेक्ट्रोलाइज़र लगा है, जो प्रोटॉन एक्सचेंज मेम्ब्रेन यानी पीईएम तकनीक पर काम करता है। यह इलेक्ट्रोलाइज़र पानी को हाइड्रोजन गैस में बदलता है और वही गैस ईंधन का काम करती है। खास बात यह है, कि हाइड्रोजन पाइपलाइन या सिलिंडर से नहीं आती, बल्कि स्टोव खुद ही उसे बनाता है, ठीक उसी वक्त जब आपको ज़रूरत हो। सिर्फ 100 मिलीलीटर डिस्टिल्ड या आरओ पानी और 1 यूनिट बिजली से यह चूल्हा 6 घंटे तक खाना पका सकता है।
इंडक्शन स्टोव से कितना अलग है?
इंडक्शन स्टोव भी बिजली पर चलता है, लेकिन उसमें प्रति बर्नर 1.5 से 2 किलोवॉट बिजली लगती है, जबकि यह हाइड्रोजन स्टोव सिर्फ 1 किलोवॉट में काम करता है। सबसे बड़ा फायदा यह है, कि इसमें किसी खास बर्तन की ज़रूरत नहीं, कोई भी बर्तन इस पर चढ़ाया जा सकता है। इंडक्शन में सिर्फ चुंबकीय तले वाले बर्तन काम करते हैं जो घर के हर बर्तन में नहीं होता।
पर्यावरण के लिए वरदान-
इस स्टोव की सबसे बड़ी खासियत यह है, कि यह पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है। इससे न कार्बन डाईऑक्साइड निकलती है, न कार्बन मोनोऑक्साइड और न ही कोई धुआँ। बाय-प्रोडक्ट के रूप में सिर्फ पानी की भाप निकलती है। यह चुपचाप काम करता है, कोई कंपन नहीं, कोई शोर नहीं। ऐसे में यह घर के भीतर के वातावरण को साफ रखने के लिए एकदम उपयुक्त है।
ये भी पढ़ें- 100 करोड़ की ऑनलाइन ठगी का पर्दाफाश, जानिए कौन से ऐप्स और वेबसाइट्स भी थीं शामिल
कीमत और भविष्य-
फिलहाल इस स्टोव की कीमत 1,50,000 रुपये है, जो आम घरों की पहुंच से बाहर है। इसीलिए अभी इसे सामुदायिक किचन, कैंटीन, सरकारी स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं और औद्योगिक रसोइयों के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर आज़माया जा रहा है। लेकिन यह तकनीक भारत में खाना पकाने के तरीके को बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम है और जिस रफ्तार से नवाचार हो रहा है, वह दिन दूर नहीं जब यह हर भारतीय रसोई तक पहुंचेगा।
ये भी पढ़ें- Infinix Note 60 Pro भारत में लॉन्च, 6,500mAh की दमदार बैटरी के साथ, जानिए फीचर्स से कीमत तक सब



