Chanakya Niti Friendship
    Photo Source - Google

    Chanakya Niti Friendship: ज़िंदगी में रिश्ते बहुत होते हैं, लेकिन दोस्ती का रिश्ता कुछ अलग ही होता है। न खून का बंधन, न मजबूरी, बस दिल से दिल का जुड़ाव। लेकिन यही दोस्ती जब गलत इंसान से हो जाए, तो ज़िंदगी में सबसे बड़ा दर्द भी यही देती है। आचार्य चाणक्य ने सदियों पहले इसी सच्चाई को अपनी नीति में बयान किया था और आज भी यह उतनी ही काम की है।

    चाणक्य का वो श्लोक जो आज भी सच है-

    चाणक्य ने लिखा है, “प्रत्यक्षे कार्यहंतारं परोक्षे प्रियवादिनम् वर्जयेत्तादृशं मित्रं विषकुम्भं पयोमुखम्।” यानी जो मित्र सामने आने पर मीठी-मीठी बातें करे, लेकिन पीठ पीछे तुम्हारे काम बिगाड़े, ऐसे दोस्त को उसी तरह त्याग दो जैसे उस घड़े को जिसके ऊपर दूध हो लेकिन अंदर ज़हर भरा हो। बाहर से मीठा दिखने वाला वो इंसान असल में तुम्हारा सबसे बड़ा दुश्मन होता है।

    कैसे पहचानें कि दोस्त असली है या नकली?

    चाणक्य ने कुछ ऐसे इंसानों की पहचान बताई है, जो दोस्त कहलाने के लायक नहीं होते। सबसे पहले आते हैं, वो लोग जो सामने तारीफ करते हैं और पीठ पीछे बुराई ऐसे लोगों से सावधान रहना ज़रूरी है। क्योंकि वो धीरे-धीरे आपकी छवि खराब करते हैं। दूसरे हैं स्वार्थी लोग जो तब तक साथ रहते हैं, जब तक उनका काम निकलता है और ज़रूरत पड़ने पर पलटकर भी नहीं देखते। तीसरी बात, जो आपके राज़ दूसरों को बताए, वो कभी भरोसेमंद नहीं हो सकता। सच्चा दोस्त आपकी बातें दिल में रखता है, बाज़ार में नहीं बांटता।

    इसके अलावा चाणक्य कहते हैं, कि जो इंसान आपकी तरक्की देखकर जलता हो, वो कभी आपका भला नहीं सोच सकता। और जो मुश्किल वक्त में साथ छोड़ दे, वो दोस्त नहीं, बस एक जान-पहचान है।

    ये भी पढ़ें- Pro Kitchen Tips: जेब पर बढ़ रहा है बोझ? इन आसान तरकीबों से रसोई का खर्च करो आधा

    समझ से बनाओ दोस्ती, जज़्बात से नहीं-

    आचार्य चाणक्य की सबसे बड़ी सीख यही है, कि दोस्ती जज़्बात में बहकर नहीं, बल्कि समझदारी से करनी चाहिए। किसी के मीठे बोल, हंसमुख चेहरे या शुरुआती अच्छे व्यवहार से धोखा मत खाइए। वक्त के साथ इंसान की असलियत ज़रूर सामने आती है, बस थोड़ा धैर्य रखिए और आंखें खुली रखिए। एक सच्चा दोस्त ज़िंदगी को बेहतर बनाता है, जबकि एक गलत दोस्त उसे बर्बाद कर सकता है।

    ये भी पढ़ें- भारत के 5 सबसे यूनिक रेस्टोरेंट, कहीं खाने के साथ मूवी, तो कहीं समुद्री डाकू वाला एक्सपिरियंस

    चाणक्य की यह नीति आज के दौर में और भी ज़रूरी हो गई है, जब सोशल मीडिया पर दिखावे की दोस्ती तो बहुत है, लेकिन मुश्किल वक्त में कंधा देने वाले कम।

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।