Raghav Chadha
    Photo Source - Google

    Raghav Chadha: दिल्ली की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर सामने आया है। आम आदमी पार्टी यानी AAP ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर अपने सांसद राघव चड्ढा को पार्टी के डिप्टी लीडर पद से हटाने की मांग की है। उनकी जगह पंजाब से सांसद अशोक मित्तल को यह ज़िम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव रखा गया है। इतना ही नहीं, पत्र में यह भी कहा गया है, कि राघव चड्ढा को AAP के कोटे से सदन में बोलने का समय भी नहीं दिया जाए।

    कभी थे केजरीवाल के सबसे करीबी-

    राघव चड्ढा एक वक्त AAP के सबसे चमकते चेहरों में से एक थे। देश के सबसे युवा सांसदों में शुमार चड्ढा को अरविंद केजरीवाल का बेहद करीबी माना जाता था। पंजाब और दिल्ली में पार्टी के मामलों में उनकी भूमिका बेहद अहम थी। लेकिन कहते हैं न राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं होता।

    जब केजरीवाल को ज़रूरत थी, चड्ढा थे गायब-

    मार्च 2024 में जब अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति मामले में गिरफ्तार किया गया, उस वक्त राघव चड्ढा स्वास्थ्य कारणों से विदेश में थे। केजरीवाल करीब छह महीने जेल में रहे और इस दौरान चड्ढा की गैरमौजूदगी खलती रही। 13 सितंबर 2024 को केजरीवाल की रिहाई के कुछ दिन बाद ही चड्ढा उनसे मिले।

    हाल ही में जब दिल्ली की एक अदालत ने केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य AAP नेताओं को शराब नीति मामले में राहत दी, तो चड्ढा इस मौके पर भी चुप रहे। केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस हो या जंतर-मंतर की रैली चड्ढा का नाम और चेहरा कहीं नज़र नहीं आया। पार्टी नेताओं के अनुसार, उन्हें संगठन के कामों और चुनावी अभियानों से भी धीरे-धीरे दूर किया जाने लगा था।

    ये भी पढ़ें- Petrol Price Today: जानिए आपके शहर में पैट्रोल, डीज़ल के दाम

    अशोक मित्तल ने कहा-

    नए डिप्टी लीडर अशोक मित्तल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने उन्हें यह ज़िम्मेदारी सौंपी है और वो पूरी ईमानदारी से सदन में पार्टी और देश की बात रखेंगे। उन्होंने इस बदलाव को बड़ा मुद्दा बनाने से बचते हुए कहा, कि पहले एन डी गुप्ता इस पद पर थे, फिर चड्ढा को यह ज़िम्मेदारी मिली और अब उनकी बारी है।

    उन्होंने कहा, “पार्टी चाहती है, कि सभी सांसद सीखें और शायद इसी सोच के साथ मुझे यह भूमिका दी गई है।” फिलहाल AAP के राज्यसभा में कुल 10 सांसद हैं, सात पंजाब से और तीन दिल्ली से। राघव चड्ढा पंजाब से ही राज्यसभा सांसद हैं।

    ये भी पढ़ें- शादी में शराब न मिलने पर पड़ोसियों ने की दूल्हा-दुल्हन की पीटाई, जानिए पूरा मामला

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।