Summer Vacation in School: जब बाहर का तापमान इंसान को झुलसाने लगे तो स्कूल की कक्षाओं में बच्चों को बैठाए रखना कितना उचित है? ओडिशा सरकार ने इसी सवाल का जवाब एक बड़े और समझदारी भरे फैसले से दिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ऐलान किया है, कि राज्य में भीषण हीटवेव को देखते हुए 27 अप्रैल से सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां शुरू कर दी जाएंगी। यह फैसला तय समय से पहले लिया गया है और इसका मकसद एक ही है, बच्चों की सुरक्षा।
सामान्यत 6 मई से होती थी छुट्टी-
ओडिशा में आमतौर पर गर्मी की छुट्टियाँ 6 मई से शुरू होती हैं और 17 जून तक चलती हैं। लेकिन इस साल असामान्य रूप से भीषण गर्मी पड़ रही है। राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग की सिफारिश पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने यह निर्णय लिया। मंत्री नित्यानंद गोंड ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा और भलाई को देखते हुए यह कदम उठाना ज़रूरी था।
किन स्कूलों पर लागू होगा आदेश-
यह आदेश ओडिशा के सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा। नियमित कक्षाएं बंद रहेंगी लेकिन कुछ काम जारी रहेंगे जैसे चल रही परीक्षाएं, जनगणना संबंधी कर्तव्य, प्रशासनिक कार्य और अन्य आवश्यक सरकारी ज़िम्मेदारियाँ। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन न करने वाले स्कूलों को किसी भी अनहोनी के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा।
छुट्टी में भी रुकेगी नहीं पढ़ाई-
सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि छुट्टियों में बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह न रुके। ओडिशा स्कूल शिक्षा कार्यक्रम प्राधिकरण ने शिशु वाटिका से कक्षा 8 तक के सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए एक खास समर लर्निंग प्रोग्राम शुरू किया है। इसके तहत कक्षावार और विषयवार वर्कशीट दी जाएंगी। माता-पिता के साथ ऑडियो-विज़ुअल शिक्षण सामग्री साझा की जाएगी। स्कूल के वॉट्सएप ग्रुप के ज़रिए अध्ययन सामग्री भेजी जाएगी और श्रेणीवार अभिभावक ग्रुप भी बनाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- पति ने रात को घर से बुलाया और हत्या कर रचा ली दूसरी शादी, बिहार की दर्दनाक कहानी
माता-पिता और शिक्षकों को मिली राहत-
इस फैसले से न सिर्फ बच्चों को राहत मिली है, बल्कि माता-पिता और शिक्षक भी चैन की सांस ले सकते हैं। ओडिशा सरकार का यह कदम बताता है कि सुरक्षा और शिक्षा दोनों को एक साथ साधा जा सकता है।
ये भी पढ़ें- Delhi Airport पर फ्लाइट के इंजन में लगी आग, 6 यात्री घायल और 232 यात्रियों..



