Student Car Accident
    Photo Source - Google

    Student Car Accident: लखनऊ में गुरुवार शाम करीब 6 बजे एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और कई लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया। फेयरवेल पार्टी से लौट रहे एक क्लास 12 के स्टूडेंट की तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क पर खड़े लोगों से टकरा गई। इस भयानक एक्सीडेंट में केंद्रीय विद्यालय में क्लास 2 में पढ़ने वाले 6 साल के मासूम दीक्षांत की जान चली गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।

    CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा-

    सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है, कि कैसे तेज रफ्तार से आती हुई कार पहले एक पार्क की हुई बाइक से टकराई जिस पर एक शख्स बैठा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वो व्यक्ति गिर गया और कार का कंट्रोल पूरी तरह से चला गया। इसके बाद कार सड़क के किनारे की तरफ मुड़ गई और वहां खड़े चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

    इन चार लोगों में अरमान, साधना पटेल, उनकी मां मीना देवी और साधना का 6 साल का बेटा दीक्षांत शामिल थे। बेकाबू कार ने यहीं नहीं रुकी और आगे बढ़ते हुए एक ई-रिक्शा और फिर ऑटो से भी टकरा गई, जिसमें ई-रिक्शा ड्राइवर अवध बिहारी भी घायल हो गए।

    21 साल के स्टूडेंट ने मौके से भागने की कोशिश की-

    21 साल के स्टूडेंट गौरव सिंह अपनी कार में फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था। जब कार बेकाबू होकर लोगों से टकराई, तो उसका एक टायर फट गया। लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन कुछ लोग कार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद गौरव और उसका दोस्त गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। इलाके के लोकल लोगों ने तुरंत घायलों को प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया और पुलिस को इनफॉर्म किया।

    केंद्रीय विद्यालय के मासूम ने तोड़ा दम-

    दीक्षांत की हालत बेहद गंभीर थी, इसलिए उसे कम्युनिटी हेल्थ सेंटर रेफर किया गया। लेकिन मासूम इतनी बुरी तरह घायल हो चुका था कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीक्षांत केंद्रीय विद्यालय में क्लास 2 में पढ़ता था और उसकी पूरी जिंदगी अभी आगे थी। एक लापरवाह ड्राइवर की तेज रफ्तार ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया और माता-पिता को जिंदगी भर का गम दे दिया।

    ये भी पढ़ें- शादी की बारात में घुसा बेकाबू ट्रक, 3 लोग गंभीर रूप से घायल, एक की रीढ़ टूटी

    पुलिस ने की कार्रवाई, स्टूडेंट गिरफ्तार-

    लखनऊ एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया, कि घायलों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा कर रही है। पुलिस ने गौरव सिंह की कार को सीज कर लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित परिवारों की शिकायत के आधार पर एफआईआर रजिस्टर की जाएगी। अधिकारियों ने कहा, कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे ऐसी लापरवाही की घटनाएं दोबारा न हों।

    ये भी पढ़ें- मंच पर डांसर के मुंह में ज़बरदस्ती डाले सिक्के, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।