DND Flyway Night Restriction
    Photo Source - Google

    DND Flyway Night Restriction: अगर आप रोज़ाना नोएडा से दिल्ली का सफर DND Flyway से करते हैं, तो अगले कुछ हफ्ते आपके लिए थोड़े मुश्किल हो सकते हैं। 22 फरवरी से लेकर 18 मार्च तक हर रात 11 बजे से सुबह 6 बजे के बीच नोएडा से दिल्ली की तरफ जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। यह फैसला DND Flyway पर चल रहे मरम्मत कार्य की वजह से लिया गया है।

    रात में काम इसलिए किया जा रहा है, जिससे दिन में दफ्तर जाने वालों को ज़्यादा परेशानी न हो, लेकिन देर रात सफर करने वाले और सुबह जल्दी फ्लाइट पकड़ने वालों को सतर्क रहना होगा।

    क्यों हो रहा है यह काम?

    9.2 किलोमीटर लंबे और आठ लेन वाले DND Flyway का संचालन Noida Toll Bridge Company Limited यानी NTBCL करती है। कंपनी ने बताया कि सड़क की ऊपरी परत काफी घिस चुकी थी, जिसे नई बिटुमिनियस परत से दुरुस्त किया जा रहा है।

    पहले यह काम प्रदूषण नियंत्रण प्रतिबंधों और सर्दियों की वजह से अटका रहा, क्योंकि इस तरह के काम के लिए एक निश्चित तापमान ज़रूरी होता है। अच्छी बात यह है, कि करीब 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है और बाकी मार्च 2026 तक खत्म हो जाएगा।

    कौन से रास्ते रहेंगे बंद और कहां से जाएं?

    रात के प्रतिबंध के दौरान नोएडा एक्सप्रेसवे यानी महामाया फ्लाईओवर की तरफ से आने वाले वाहन DND Flyway पर नहीं जा सकेंगे। उन्हें दलित प्रेरणा स्थल होते हुए चिल्ला बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश करना होगा।

    वहीं सेक्टर 16 और रजनीगंधा चौक से आने वाले वाहनों को टोल प्लाज़ा के पास U-टर्न लेकर चिल्ला बॉर्डर के रास्ते दिल्ली जाना होगा। यातायात पुलिस के जवान प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेंगे ताकि लोगों को सही दिशा मिल सके।

    एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाना है तो पहले से करें तैयारी-

    DND Flyway हर रोज़ करीब ढाई लाख वाहनों की आवाजाही संभालता है और दिल्ली के महारानी बाग इलाके को सीधे नोएडा से जोड़ता है। ऐसे में जो लोग इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन या दक्षिण दिल्ली की तरफ जाते हैं, उन्हें कम से कम 30 से 45 मिनट का अतिरिक्त समय लेकर चलना चाहिए। चिल्ला बॉर्डर पर इन घंटों में भीड़ बढ़ने की पूरी आशंका है।

    ये भी पढ़ें- Delhi Traffic Advisory: दिल्ली की ये ज़रुरी सड़क 12 महीनों के लिए हुआ बंद, जानें क्यों और कब तक

    यात्रियों के लिए ज़रूरी बातें-

    अधिकारियों ने सलाह दी है, कि घर से निकलने से पहले यातायात पुलिस की आधिकारिक सूचनाएं और GPS navigation ज़रूर देखें। जब तक ज़रूरी न हो, रात 11 बजे के बाद इस रास्ते से बचें। यह अस्थायी असुविधा ज़रूर है, लेकिन मरम्मत के बाद DND Flyway पर सफर पहले से कहीं ज़्यादा आरामदायक और सुरक्षित हो जाएगा।

    ये भी पढ़ें- भारत में बनेंगे Mini Japan और Singapore, YEIDA का बड़ा प्लान, जानें पूरी डिटेल

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।