Delhi Love Scam
    Photo Source - Google

    Delhi Love Scam: दिल्ली में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ऑनलाइन रिश्तों पर भरोसा करने वालों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। महज 35 साल का एक शख्स, जो खुद को कभी डॉक्टर, कभी बिजनेसमैन और कभी फिल्म प्रोड्यूसर बताता था, असल में एक शातिर ठग निकला। उसने प्यार, रोमांस और शादी के नाम पर 500 से ज्यादा महिलाओं को अपने जाल में फंसा लिया और उनसे करीब 2 करोड़ रुपये ठग लिए।

    ऐसे करता था शिकार की तलाश-

    आरोपी आनंद कुमार, जो पश्चिम बंगाल के 24 परगना का रहने वाला है, डेटिंग और मैट्रिमोनियल ऐप्स पर फेक प्रोफाइल बनाकर महिलाओं से जुड़ता था। शुरुआत में वह खुद को एक सच्चा और केयरिंग इंसान दिखाता, जिससे सामने वाला जल्दी इमोशनली जुड़ जाए। धीरे-धीरे वह बातचीत को WhatsApp और Instagram पर शिफ्ट कर देता और रिश्ते को गहराई तक ले जाता।

    प्यार, शादी और फिर धोखा-

    आनंद पहले प्यार का इजहार करता, फिर शादी का वादा करता और जैसे ही भरोसा मजबूत होता, वह किसी मेडिकल इमरजेंसी या बिजनेस लॉस की कहानी सुनाकर पैसे मांगता। कई मामलों में उसने मॉडलिंग और अच्छे संस्थानों में एडमिशन दिलाने का झांसा भी दिया। जब पीड़ित पैसे दे देतीं, तो वह अचानक गायब हो जाता या कोई बहाना बनाकर संपर्क तोड़ देता।

    एक शिकायत से खुला पूरा राज-

    इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया, कि ‘वैभव अरोड़ा’ नाम के एक इंस्टाग्राम प्रोफाइल से उसकी मुलाकात हुई थी। आरोपी ने उससे शादी का वादा कर करीब 7 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब महिला ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने खुद को ‘मर चुका’ बताकर बातचीत खत्म करने की कोशिश की।

    तकनीकी जांच से पहुंची पुलिस-

    दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने इस मामले को गंभीरता से लिया और सोशल मीडिया अकाउंट, IP लॉग, मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन की गहराई से जांच की। लगातार ट्रैकिंग के बाद आरोपी का लोकेशन पश्चिम बंगाल में मिला, जहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

    बरामद हुआ ठगी का सामान-

    पुलिस ने आरोपी के पास से 4 स्मार्टफोन, 8 सिम कार्ड, 3 डेबिट कार्ड और सोने के कई आभूषण बरामद किए हैं, जो उसने ठगी के पैसों से खरीदे थे। जांच में यह भी सामने आया, कि वह एक साथ कई फर्जी पहचान चलाता था और अलग-अलग राज्यों की महिलाओं से बात करता था।

    ये भी पढ़ें- अमरावती कांड का सच, आखिर कितना गहरा है शोषण का ये जाल? जानिए इस नेटवर्क की पूरी सच्चाई

    सिर्फ महिलाओं को बनाता था निशाना-

    पुलिस के अनुसार, आरोपी खास तौर पर महिलाओं को ही टारगेट करता था। वह उनकी पर्सनल फोटो और वीडियो इकट्ठा कर बाद में ब्लैकमेल भी करता था। WhatsApp, Facebook, Instagram और Snapchat जैसे प्लेटफॉर्म उसके ठगी के मुख्य हथियार थे। यह मामला एक बड़ा सबक देता है, कि ऑनलाइन रिश्तों में जल्दबाजी और बिना जांच-पड़ताल के भरोसा करना खतरनाक हो सकता है।

    ये भी पढ़ें- 8 साल की उम्र में करवाई बच्ची की शादी! अब माता-पिता से लेकर पंडित-हलवाई तक पर केस

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।