Dhurandhar 2 Story: आदित्य धर की धुरंधर: द रिवेंज सिर्फ 12 दिनों में बॉलीवुड की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। चारों तरफ तारीफों की बाढ़ है। लेकिन इसी बीच एक ऐसा दावा सामने आया है, जिसने फिल्म के इर्द-गिर्द एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। लेखक-निर्देशक संतोष कुमार आर. एस. का कहना है, कि धुरंधर 2 की कहानी असल में उनकी लिखी हुई है।
2023 में लिखी थी, कई कंपनियों को भेजी-
संतोष कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा, कि जब उन्होंने फिल्म देखी, तो उन्हें तुरंत एहसास हो गया, कि यह उनकी कहानी है। उन्होंने कहा, “मैंने यह कहानी 2023 में बड़ी मेहनत से लिखी थी। बड़े अभिनेताओं को लाने के लिए मुझे कहा गया था, कि किसी बड़ी कंपनी का साथ चाहिए।” उन्होंने Sony Pictures Networks India, Zee Entertainment, T-Series और Dharma Productions जैसी बड़ी कंपनियों को अपनी कहानी भेजी थी और मुख्य भूमिका के लिए आदित्य रॉय कपूर को लेने की योजना थी।
Screenwriters Association में हुआ था पंजीकरण-
संतोष कुमार का दावा है, कि उनके पास सबूत हैं। उन्होंने नवंबर 2023 में अपनी कहानी Screenwriters Association में पंजीकृत करवाई थी। ईमेल के आदान-प्रदान के प्रमाण भी उनके पास हैं। उनका कहना है, कि वो अब कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा, “मैं इस फिल्म पर मुकदमा करूंगा, क्योंकि भले ही उन्होंने अच्छी फिल्म बनाई हो, मेरी कहानी का इस्तेमाल किया गया है।”
“मैंने मनोरंजन के लिए लिखी थी, उन्होंने प्रचार बना दी”-
संतोष कुमार ने एक और दिलचस्प बात कही। उन्होंने कहा, कि उन्होंने यह कहानी सिनेमा और मनोरंजन के लिए लिखी थी, लेकिन फिल्म में इसे राजनीतिक प्रचार की तरह बना दिया गया, जो उन्हें तकलीफ देता है। उन्होंने यह भी कहा, कि उनके साथ जो हुआ वो दूसरे लिखने वालों के साथ नहीं होना चाहिए और इसीलिए वो इस मामले को सार्वजनिक कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Dhurandhar 2 एक्टर Aditya Uppal को पाकिस्तान से मिल रही जान की धमकी, खुद बताई आपबीती
निर्माताओं की चुप्पी-
अब तक धुरंधर 2 के निर्माताओं ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। बॉलीवुड में कहानी चोरी के आरोप नए नहीं हैं, लेकिन जब कोई लेखक संगठित तरीके से सबूत लेकर सामने आता है, तो मामला गंभीर हो जाता है। यह विवाद न सिर्फ धुरंधर 2 के लिए बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक सवाल खड़ा करता है, क्या छोटे लेखकों की मेहनत और रचनात्मकता सुरक्षित है?
ये भी पढ़ें- Dhurandhar 2 की कमाई में हिस्सा क्यों मांग रहे पाकिस्तान के लोग? देखें वायरल हो रहे वीडियो



