Trump China 50% Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को चीन को एक कड़ी चेतावनी दी, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया। फॉक्स न्यूज़ पर एंकर मारिया बार्टिरोमो के साथ बातचीत में ट्रंप ने साफ कहा, कि अगर चीन ने ईरान को हथियार या कोई भी सैन्य मदद दी, तो अमेरिका उस पर 50 प्रतिशत का टैरिफ लगा देगा। जब उनसे पूछा गया, कि क्या यह चेतावनी खास तौर पर चीन के लिए है, तो ट्रंप ने बिना किसी लाग-लपेट के कहा, “हाँ, चीन और संभावित रूप से दूसरे भी। लेकिन खास तौर पर हां, चीन इसमें शामिल है।”
कंधे पर रखकर चलाने वाली मिसाइलों की खबर पर बोले ट्रंप-
ट्रंप ने बताया, कि उन्हें खबर मिली है, कि चीन ईरान को शोल्डर मिसाइलें यानी कंधे पर रखकर दागी जाने वाली मिसाइलें दे रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा, कि उन्हें इस पर संदेह है, क्योंकि दोनों देशों के बीच रिश्ते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता वे अब ऐसा करेंगे।
लेकिन अगर हमें पता चला, कि वे ऐसा कर रहे हैं, तो उन पर 50 प्रतिशत टैरिफ लग जाएगा।” यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हुई वार्ता बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई और 22 अप्रैल को समाप्त होने वाले दो हफ्ते के युद्धविराम पर सवालिया निशान लग गया है।
एक दिन में तबाह कर सकता हूं ईरान-
ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही बातचीत पर भी बड़ी बात कही। उन्होंने दावा किया, कि ईरान वार्ता की मेज़ पर वापस आएगा और अमेरिका को सब कुछ देगा, जो वह चाहता है। उन्होंने कहा, “उनके पास कोई पत्ता नहीं है।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा, कि वे ईरान को एक दिन में तबाह कर सकते हैं। पिछले हफ्ते उन्होंने कहा था, कि “एक पूरी सभ्यता आज रात मिट जाएगी”, इस बयान पर जब सवाल उठे तो ट्रंप ने कहा, कि वे इससे बिल्कुल ठीक हैं और यही बयान ईरान को बातचीत की मेज़ पर लाया।
ये भी पढ़ें- मृत बच्चों की यादें लेकर इस्लामाबाद पहुंचा ईरानी दल, ईरान ने शेयर की खून से सने स्कूल बैगों की तस्वीर
इस्लामाबाद वार्ता विफल-
इस पूरे घटनाक्रम के बीच इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के वार्ताकारों के बीच हुई बातचीत रविवार को बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई। इससे 22 अप्रैल को खत्म होने वाले दो हफ्ते के युद्धविराम का भविष्य अधर में लटक गया है। पश्चिम एशिया में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल है और ट्रंप के इस बयान ने स्थिति को और मुश्किल बना दिया है। दुनिया की नज़रें अब इस बात पर टिकी हैं, कि अगले कदम पर अमेरिका, चीन और ईरान में से कौन पहले चाल चलता है।
ये भी पढ़ें- क्या US-ईरान सीज़फायर से Israel है नाराज़? आखिर क्यों इज़राइल को बातचीत रखा गया बाहर



