Pohela Boisakh 2026
    Photo Source - Google

    Pohela Boisakh 2026: हर साल जब बंगाल में अप्रैल का महीना आता है, तो हवा में एक अलग ही उत्साह घुल जाता है। घरों में अल्पना बनती है, नए कपड़े पहने जाते हैं और हर तरफ “शुभो नोबो बोर्शो” की गूंज सुनाई देती है। यही है, पहेला बैशाख बंगाली नव वर्ष का वह खूबसूरत दिन जो पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और दुनिया भर में बसे बंगाली समुदाय के लिए नई शुरुआत का प्रतीक है। इस साल पहेला बैशाख 15 अप्रैल 2026 को मनाया जाएगा, जबकि संक्रांति का क्षण 14 अप्रैल को सुबह 9 बजकर 39 मिनट पर होगा।

    पहेला बैशाख का इतिहास-

    इस त्योहार की जड़ें उतनी ही गहरी हैं, जितना बंगाल का इतिहास। सबसे प्रचलित मान्यता के अनुसार, मुगल सम्राट अकबर ने बंगाली कैलेंडर की शुरुआत की थी। दरअसल इस्लामिक चंद्र कैलेंडर फसल के मौसम से मेल नहीं खाता था जिससे लगान वसूली में दिक्कत होती थी। इसीलिए अकबर ने इस्लामिक और हिंदू सौर कैलेंडर को मिलाकर “फसली शान” यानी फसल कैलेंडर बनाया और बंगाली नव वर्ष की नींव रखी।

    हालांकि कुछ इतिहासकार इसकी जड़ें सातवीं सदी के राजा शशांक से जोड़ते हैं तो कुछ इसे विक्रमादित्य काल से पुराना मानते हैं। लेकिन इतने जटिल इतिहास के बावजूद पहेला बैशाख आज भी नवीनता और एकता का सबसे सशक्त प्रतीक बना हुआ है।

    कैसे मनाया जाता है यह खास दिन?

    पहेला बैशाख की सुबह घरों की सफाई से होती है। महिलाएं दरवाज़े पर अल्पना यानी रंगोली बनाती हैं और परिवार के सभी सदस्य नए कपड़े पहनकर देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करते हैं। इसके बाद रंगारंग जुलूस निकलते हैं, लोक संगीत और नृत्य होता है और तरह-तरह के पारंपरिक पकवान बनाए और खाए जाते हैं। शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहती है और हर तरफ उत्सव का माहौल होता है।

    व्यापार की नई शुरुआत की अनूठी परंपरा-

    पहेला बैशाख की सबसे खास परंपराओं में से एक है “हाल खाता”। इस दिन व्यापारी अपनी पुरानी बहियाँ बंद करके नई खाता-बही खोलते हैं जो नए व्यापारिक वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है। ग्राहकों को मिठाई और उपहार देकर उनसे रिश्ते और मज़बूत किए जाते हैं। यह परंपरा बताती है, कि पहेला बैशाख सिर्फ एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं बल्कि आर्थिक और सामाजिक नवीनीकरण का भी अवसर है।

    ये भी पढ़ें- हिंदू धर्म में क्यों बांधते हैं हांथ में कलावा, यहां जानें बड़ा कारण

    क्यों खास है पहेला बैशाख?

    पहेला बैशाख का असली महत्व उसके उस संदेश में है, जो वह हर बार लेकर आता है, पुरानी तकलीफें भूलो, नई उम्मीदों के साथ आगे बढ़ो। यह त्योहार बंगाली संस्कृति, कला, संगीत और परंपरा का वह जीवंत उत्सव है, जो पूरी दुनिया में बिखरे बंगाली समुदाय को एक सूत्र में पिरो देता है। चाहे कोलकाता की सड़कें हों या ढाका का रमना पार्क पहेला बैशाख हर जगह एक जैसा जोश और उमंग लेकर आता है।

    ये भी पढ़ें- सपने में दिखे मृत व्यक्ति तो क्या होता है इसका मतलब? जानें क्या कहता है स्कंद पुराण

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।