Census 2026: दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना की प्रक्रिया भारत में शुरू हो चुकी है और इस बार इसमें एक खास बदलाव देखने को मिल रहा है। सरकार ने लोगों को खुद अपनी जानकारी दर्ज करने का विकल्प दिया है, जिसे Self Enumeration यानी स्व-गणना कहा जा रहा है। जनगणना दो चरणों में होगी, पहला हाउसहोल्ड लिस्टिंग, जिसमें घर से जुड़ी जानकारी दी जाएगी और दूसरा लोगों की गिनती। इस बार डिजिटल प्रक्रिया के कारण आम लोगों की भागीदारी पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गई है।
Self Enumeration क्या है और क्यों है खास-
Self Enumeration एक ऐसा तरीका है, जिससे आप खुद अपने परिवार और घर की जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं। यह अनिवार्य नहीं है, लेकिन अगर आप चाहें तो इसे अपनाकर समय बचा सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि यह प्रक्रिया उतनी ही आसान बताई जा रही है, जितनी गैस सिलेंडर बुक करना। बस मोबाइल नंबर और कुछ बेसिक जानकारी के जरिए आप यह काम 15–20 मिनट में पूरा कर सकते हैं।
कैसे करें स्व-गणना, आसान भाषा में समझें-
इस प्रक्रिया की शुरुआत आधिकारिक पोर्टल Census of India की वेबसाइट से होती है। सबसे पहले आपको अपने राज्य या केंद्र शासित प्रदेश का चयन करना होगा और कैप्चा भरकर लॉगिन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है। ध्यान देने वाली बात यह है, कि एक परिवार के लिए एक ही मोबाइल नंबर मान्य होगा और मुखिया का नाम बाद में बदला नहीं जा सकता।
OTP वेरिफिकेशन से लेकर लोकेशन मार्किंग तक-
अगले चरण में आपको अपनी पसंदीदा भाषा चुननी होगी और मोबाइल पर आए OTP से वेरिफिकेशन करना होगा। इसके बाद घर की लोकेशन, जिला, गांव या शहर की जानकारी भरनी होगी। एक खास फीचर यह भी है कि आपको मैप पर अपने घर की सटीक लोकेशन मार्क करनी होगी, जिससे जनगणना अधिकारी को घर पहचानने में आसानी होगी।
सवालों के जवाब और फाइनल सबमिशन-
इसके बाद आपको घर और परिवार से जुड़े सवालों के जवाब देने होते हैं। सभी जानकारी भरने के बाद Preview में जाकर उसे जांच सकते हैं और जरूरत पड़ने पर सुधार भी कर सकते हैं। जब सब कुछ सही लगे, तो Confirm & Submit पर क्लिक करना होगा। सबमिशन के बाद आपका डेटा लॉक हो जाएगा और आपको एक 11 अंकों की यूनिक SE ID मिलेगी, जो ‘H’ से शुरू होती है।
SE ID क्यों है सबसे जरूरी-
यह SE ID ही आपकी पहचान बनेगी। जब जनगणना कर्मचारी आपके घर आएगा, तो आपको यही ID दिखानी होगी। अगर ID मैच हो जाती है, तो आपकी जानकारी तुरंत स्वीकार कर ली जाएगी। अगर कोई गड़बड़ी होती है, तो अधिकारी फिर से जानकारी ले सकता है। इसलिए इस ID को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।
ये भी पढ़ें- Realme C100 4G हुआ लॉन्च, 8000mAh बैटरी और दमदार फीचर्स के साथ बजट मार्केट में नई एंट्री
किन बातों का रखें खास ध्यान-
स्व-गणना करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा, जैसे समय सीमा के भीतर डेटा सबमिट करना, एक मोबाइल नंबर से एक ही परिवार का पंजीकरण करना और भाषा व मुखिया का नाम सही चुनना। एक बार सबमिट होने के बाद इसमें बदलाव नहीं किया जा सकता।
डिजिटल इंडिया के इस नए कदम ने जनगणना को और आसान और तेज बना दिया है। अब यह सिर्फ सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी का मौका बन चुका है।
ये भी पढ़ें- OnePlus Nord 6 भारत में लॉन्च, दमदार बैटरी और कमाल परफॉर्मेंस के साथ जानिए पूरी डिटेल



