Instagram Live Suicide: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया के इस्तेमाल और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां 22 वर्षीय युवक मनोज राजक ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। यह घटना शुक्रवार रात (27 मार्च) को देहात थाना क्षेत्र में हुई और इसका 14 मिनट का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया।
लाइव के दौरान दोस्तों को किया इशारा-
पुलिस के मुताबिक, मनोज राजक ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अपने दोस्तों से बातचीत की। वह उन्हें हाथ हिलाकर बाय कर रहा था और फ्लाइंग किस भी दे रहा था। इसके कुछ ही पलों बाद उसने कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह पूरा घटनाक्रम लाइव वीडियो में कैद हो गया, जिसे देखकर उसके दोस्त हैरान रह गए।
अकेलापन और जिंदगी की जद्दोजहद-
जानकारी के अनुसार, मनोज अपने परिवार से अलग एक किराए के कमरे में रहता था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। वह पेशे से प्लंबर था और साथ ही अपने कमरे से रेडीमेड कपड़े बेचकर किसी तरह अपना गुजारा करता था। दोस्तों का कहना है, कि वह स्वभाव से शांत और अच्छा इंसान था, लेकिन अंदर ही अंदर शायद कई परेशानियों से जूझ रहा था।
दोस्तों ने बचाने की कोशिश की-
मनोज के दोस्त शुभम राजक ने बताया, कि जैसे ही उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव देखा, वे तुरंत उसके कमरे की ओर भागे। करीब 10:30 बजे वे वहां पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मनोज की मौत हो चुकी थी। यह घटना उनके लिए किसी सदमे से कम नहीं थी।
जांच में जुटी पुलिस-
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मनोज का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की जा रही है, ताकि इस कदम के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
ये भी पढ़ें- जानिए क्या Earth Hour? जिसके चलते घंटे के लिए बंद हुई पूरी Delhi की लाइट
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले-
यह पहली बार नहीं है, जब सोशल मीडिया के दौरान ऐसी घटना हुई हो। कुछ महीने पहले उत्तर प्रदेश के बाबेरू में एक 27 वर्षीय महिला की मौत उस समय हो गई थी, जब वह एक रील वीडियो शूट कर रही थी। शुरुआत में इसे आत्महत्या माना गया, लेकिन बाद में जांच में सामने आया, कि यह एक हादसा था।
ये भी पढ़ें- Delhi में यहां बनेगा 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर, घंटो के जाम से मिलेगी राहत, जानिए रुट
अगर आप या आपका कोई जानने वाला मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो मदद लेना बेहद जरूरी है। देश में कई हेल्पलाइन उपलब्ध हैं, जहां आप अपनी बात साझा कर सकते हैं और सही मार्गदर्शन पा सकते हैं।



