LPG Shortage Recipe: देशभर के कई इलाकों में इन दिनों एलपीजी की भारी किल्लत देखी जा रही है। हालात ये हैं, कि कई रेस्टोरेंट को अपने शटर बंद करने पड़ रहे हैं और घरों में खाना पकाना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है। इसी मुश्किल से निपटने के लिए लोग अब इंडक्शन कुकर और एअर फ्रायर जैसे मॉडर्न गैजेट्स की तरफ रुख कर रहे हैं और सच कहें, तो यही वो स्मार्ट मूव है, जो आपकी रसोई को आज के ज़माने के साथ कदमताल करना सिखाएगा।
वेज कटलेट-
अगर आपके घर में एअर फ्रायर है, तो सबसे पहले वेजी कटलेट ट्राई करें। उबले आलू, गाजर और मटर को मैश करें, उसमें ब्रेड क्रम्ब्स और मसाले मिलाएं और कटलेट्स की शेप दें। फिर इन्हें 180°C पर 10 से 12 मिनट के लिए एअर फ्राय करें। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट यह कटलेट बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आएगा।
पनीर टिक्का-
पनीर टिक्का के लिए पनीर के टुकड़ों और बेल पेपर को दही और मसालों में मेरिनेट करें और कम से कम आधे घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद इन्हें एअर फ्रायर में 180°C पर 12 से 15 मिनट तक फ्राय करें। यकीन मानिए, यह किसी भी ढाबे के टिक्के को टक्कर देगा और आपको गैस की ज़रूरत भी नहीं पड़ेगी।
चिकन तंदूरी-
चिकन लवर्स के लिए भी एअर फ्रायर एक गेम चेंजर है। चिकन के टुकड़ों को दही, तंदूरी मसाले और नींबू के रस में अच्छे से मेरिनेट करें। फिर इन्हें 200°C पर 15 से 20 मिनट तक एअर फ्राय करें और बीच में एक बार पलटना न भूलें। बाहर से चार्ड और अंदर से जूसी यह चिकन हर किसी का दिल जीत लेगा।
एअर फ्रायर पिज़्ज़ा-
पिज़्ज़ा के शौकीनों के लिए खुशखबरी यह है कि एअर फ्रायर में पिज़्ज़ा बनाना आसान और तेज़ है। पहले बेस को प्री-बेक करें ताकि वो अच्छे से पक जाए, फिर उस पर अपनी मनपसंद टॉपिंग्स लगाएं और 180°C पर 10 से 15 मिनट के लिए एअर फ्राय करें। क्रिस्पी बेस और गर्म पनीर के साथ यह पिज़्ज़ा किसी भी पिज़्ज़ा शॉप को मात देगा।
चॉकलेट केक-
अगर मीठा खाने का मन हो तो एअर फ्रायर चॉकलेट केक ज़रूर ट्राई करें। इसे 160°C पर 14 से 16 मिनट तक बेक करें, ऊपर से क्रिस्पी, अंदर से गूई और टेस्ट में बेहद रीच। आप चाहें, तो ज़्यादा गूई केक के लिए टाइम थोड़ा कम रखें। यकीन मानिए, यह केक खाते ही सारी थकान दूर हो जाएगी।
ओमलेट-
माइक्रोवेव सिर्फ रिहीटिंग के लिए नहीं है, यह एक फुल कुकिंग मशीन है। सुबह की भागदौड़ में माइक्रोवेव ओमलेट सबसे बेस्ट ऑप्शन है। अंडे फेंटें, उसमें प्याज, टमाटर, कैप्सिकम, नमक और पेपर डालें और 2 से 3 मिनट माइक्रोवेव करें। झटपट और टेस्टी नाश्ता बिल्कुल तैयार।
माइक्रोवेव पोच्ड फिश-
जो लोग लाइट खाना पसंद करते हैं उनके लिए माइक्रोवेव पोच्ड फिश एक बेहतरीन ऑप्शन है। फिश फिलेट को एक माइक्रोवेव सेफ डिश में रखें, उस पर नमक, पेपर, नींबू का रस और हर्ब्स डालें और ढककर 4 से 5 मिनट माइक्रोवेव करें। बिना तेल के बना यह डिश स्वाद में भी कमाल है और सेहत के लिए भी।
माइक्रोवेव मग ढोकला-
मग ढोकला उन लोगों के लिए है, जो झटपट स्नैक चाहते हैं। बेसन, दही, हल्दी, एनो फ्रूट सॉल्ट और नमक को एक मग में मिलाएं और 3 से 4 मिनट माइक्रोवेव करें। थोड़ा ठंडा होने दें और चटनी के साथ सर्व करें। गुजरात का यह क्लासिक स्नैक अब आपकी रसोई में बिना गैस के भी तैयार हो सकता है।
माइक्रोवेव वेजिटेबल उपमा-
वेजिटेबल उपमा के लिए सूजी, पानी, कटी हुई सब्जियां और नमक को एक माइक्रोवेव सेफ बाउल में मिलाएं और 5 से 6 मिनट माइक्रोवेव करें। यह हल्का और पौष्टिक नाश्ता सुबह के समय एनर्जी देने के लिए परफेक्ट है और बच्चों के लिए भी बेहद हेल्दी ऑप्शन है।
माइक्रोवेव पोहा-
पोहा बनाने के लिए चिवड़े को 5 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। फिर उसमें कटा प्याज, हरी मिर्च, मटर, हल्दी और नमक मिलाएं और 3 से 4 मिनट माइक्रोवेव करें। बीच में एक बार चलाना न भूलें। ऊपर से हरा धनिया और नींबू निचोड़ें आपका परफेक्ट माइक्रोवेव पोहा तैयार है जो स्वाद में बिल्कुल ट्रेडिशनल जैसा ही लगेगा।
ये भी पढ़ें- क्या आपका तनाव कर रहा है आपकी Jawline खराब? Face Yoga एक्सपर्ट ने बताई चौंकाने वाली सच्चाई
एलपीजी की किल्लत एक मौका है-
एलपीजी की यह किल्लत भले ही एक परेशानी लगे, लेकिन यह हमें स्मार्ट कुकिंग की तरफ ले जा रही है। एअर फ्रायर और माइक्रोवेव न सिर्फ बिजली बचाते हैं, बल्कि खाना भी जल्दी और हेल्दी तरीके से तैयार करते हैं। तो अगली बार जब गैस खत्म हो, घबराइए मत बस इन रेसिपीज़ को आज़माइए और अपनी रसोई को नए ज़माने की रसोई बनाइए।
ये भी पढ़ें- हफ्तों तक पानी नहीं दिया तो भी नहीं मरेंगे ये 5 पौधे, बालकनी और बगीचे के लिए एकदम सही



